Web News

www.upwebnews.com

एटा में तमंचे के बल पर किशोरी के अपहरण का प्रयास, पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से की शिकायत

June 18, 2026

एटा में तमंचे के बल पर किशोरी के अपहरण का प्रयास, पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से की शिकायत

एटा 17 जून उप्रससे। जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के आरोपियों पर एक सोलह वर्षीय किशोरी को तमंचे के बल पर घर से उठा ले जाने का आरोप लगा है। पीड़िता अपने परिवार के साथ मुख्यालय पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

किशोरी के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि उनकी बेटी का अपहरण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने बीते 3 जून को गांव के सोनू और उसके रिश्तेदार अंशुल सहित दो युवतियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज कराया था। तभी से आरोपी पक्ष पीड़िता के परिवार पर मामले में समझौता करने का दबाव बना रहा था।

पीड़िता के पिता ने बताया कि बीते मंगलवार की देर रात आरोपी सोनू पुत्र महाराज सिंह और उसके रिश्तेदार अंशुल पुत्र राजकुमार मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर आए। उन्होंने तमंचा दिखाकर किशोरी को जबरन घर से उठा लिया। चीखने-चिल्लाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी किशोरी को छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों ने बेटी की कनपटी पर तमंचा रखकर उसे उठा ले जाने की कोशिश की और जान से मारने तथा बयान बदलने की धमकी भी दी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के सामने ही आरोपी उनकी बेटी को छोड़कर भाग गए, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी कारण वे एसएसपी से शिकायत करने आए हैं। इस मामले पर जलेसर थाना प्रभारी संजय राघव से दूरभाष द्वारा बात करने की कोशिश की लेकिन नेटवर्क समस्या होने के कारण बात नहीं हो सकी।