Web News

www.upwebnews.com

पसगवां ब्लॉक में पोषाहार वितरण ठप, 1076 पर शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन

June 18, 2026

पसगवां ब्लॉक में पोषाहार वितरण ठप, 1076 पर शिकायत के बाद भी अधिकारी मौन

पसगवां-खीरी।लखीमपुर खीरी जिले की मोहम्मदी तहसील के अंतर्गत आने वाले पसगवां ब्लॉक में गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले सरकारी पोषाहार वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली और लापरवाही का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को महीनों से पोषाहार सामग्री नहीं मिल रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।मामले को लेकर स्थानीय पीड़ितों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत संख्या 92615300056844 भी दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज हुए आज आठ दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे अधिकारी 1076 हेल्पलाइन का भी मज़ाक बना रहे हैं। व्यवस्था देखकर लगता है कि यहाँ सब कुछ केवल कागजों तक ही सीमित है।
ग्रामीणों का सवाल- कहाँ जा रहा है पोषाहार
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नियमानुसार हर महीने गर्भवती महिलाओं को पोषाहार मिलना अनिवार्य है। मगर पसगवां ब्लॉक में स्थिति बिल्कुल उलट है। पीड़ितों का कहना है कि जब पोषाहार का वितरण यहाँ नहीं किया जा रहा है, तो आखिर यह सरकारी राशन जा कहाँ रहा है? शिकायत करने पर अधिकारी केवल खानापूर्ति करके मामले को रफा-दफा कर देते हैं।
इस संबंध में जब ब्लॉक के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, तो उनका रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा। अधिकारियों की तरफ से ‘हाँ ठीक है, मिल जाएगा’ कहकर बात को टाल दिया जाता है। हद तो तब हो गई जब इस गंभीर अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोपों की जानकारी लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना तक मुनासिब नहीं समझा। शासन की इस अनदेखी से स्थानीय जनता और गर्भवती महिलाओं के परिवारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।