सतीश शाक्य/एपी सिंह
तिकुनियां खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर बाइक तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई 03वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट प्रमोद देवरानी के निर्देशन में हुई।थाना फरधान पुलिस की सूचना पर खखरौला समवाय प्रभारी मेघराज को बताया गया कि क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिल को नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी है। सूचना पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने मरिया घाट क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई।चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या यूपी 31एपी 3787 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम मुस्लिम खान, निवासी ग्राम रामपुर, थाना सदर, लखीमपुर खीरी बताया। कागजात मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। कड़ाई से पूछताछ पर उसने कबूला कि बाइक चोरी की है और नेपाल में बेचने ले जा रहा था।आरोपी व बरामद बाइक को आवश्यक कार्रवाई के बाद थाना फरधान पुलिस को सौंप दिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले 31 मई को भी संयुक्त टीम ने एक बाइक बरामद कर तस्करी का प्रयास विफल किया था। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी जारी है।
