मैनपुरी। करहल पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यक्ष एप की मदद से पहचान कर चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी, अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के उपकरण और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस लाइन के सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ परशुरामपुर तिराहा हनुमान मंदिर बरनाहल रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस और सर्विलांस टीम ने चार संदिग्धों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाराम निवासी एटा, संतोष निवासी एटा, सुरजीत निवासी फिरोजाबाद और अर्जुन निवासी मैनपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये की नगदी, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, दो मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी राजाराम पर बदायूं और कन्नौज समेत कई जिलों में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अर्जुन पर मैनपुरी के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि डीजीपी के निर्देशन में चल रही यक्ष एप व्यवस्था अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में काफी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार सक्रिय है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पाण्डेय, सर्विलांस प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक आदेश भारद्वाज, शिवकुमार गौतम, चम्पाराम गौतम समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

