Posted on 19/05/2026
Time 17:50 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
गोरखपुर। 19 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) लखनऊ के गोमती नगर विस्तार में रहने वाली और मूल रूप से गोरखपुर की बेटी रत्ना सिंह की मानसिक प्रताड़ना के कारण हुई आत्महत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बीती 12 मई को हुई इस दुखद घटना से न केवल पीड़ित परिवार सदमे में है, बल्कि पूरे गोरखपुर वासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
आज गोरखपुर विश्वविद्यालय के समीप स्थित पंत पार्क के सामने एक भावुक और आक्रोशित माहौल देखने को मिला। यहाँ मृतका रत्ना सिंह के माता-पिता, भाई-बहन और बड़ी संख्या में शुभचिंतक व स्थानीय नागरिक एकत्रित हुए। सभी ने स्वर्गीय रत्ना सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा के दौरान परिजनों और शुभचिंतकों का गुस्सा फूट पड़ा। इंसाफ की गुहार लगाते हुए पीड़ित परिवार ने सरकार से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि रत्ना को मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उसे आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। रत्ना को तभी सच्ची श्रद्धांजलि और इंसाफ मिलेगा जब उसके दोषियों को उनके किए की कड़ी सजा मिलेगी। हमारी सरकार से मांग है कि दोषियों का एनकाउंटर किया जाए, ताकि भविष्य में कोई और बेटी इस तरह प्रताड़ना का शिकार न हो।
