Posted on 18/05/2026
Time 01:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध
गोरखपुर। 18 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों और बाजार में व्याप्त कालाबाजारी के विरोध में आज, 18 मई को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क पर एकत्रित हुए। यहाँ आयोजित धरने के दौरान वक्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईंधन और रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है।
धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लिए सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रही है और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
