Posted on 18/05/2026
Time 12:55 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
गोरखपुर। 18 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र के पिपरपाती टोला में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और एक ऑटो चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ चौरीचौरा से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (17 मई, 2026) की शाम करीब 5:30 बजे झंगहा पुलिस को सूचना मिली कि गाँव में एक व्यक्ति ने दो लोगों को लहूलुहान कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की।
जाँच में पता चला कि अभियुक्त जितेंद्र निषाद, जो गोरखपुर शहर में था, कल अपनी पत्नी गुंजा निषाद और एक ऑटो चालक कुलदीप शर्मा के साथ अपने पैतृक गाँव पिपरपाती टोला आया था। गाँव पहुँचते ही जितेंद्र ने आपा खो दिया और पास रखे एक धारदार हथियार से अपनी पत्नी और कुलदीप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस पूछताछ में प्राथमिक तौर पर यह बात सामने आई है कि जितेंद्र को अपनी पत्नी गुंजा और ऑटो चालक कुलदीप शर्मा के बीच अवैध प्रेम संबंधों का गहरा संदेह था। इसी शक की आग में जलकर उसने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई
हमले में गंभीर रूप से घायल गुंजा और कुलदीप को तत्काल इलाज के लिए AIIMS में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
झंगहा पुलिस के अनुसार, घायल कुलदीप शर्मा के भाई राजकुमार शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी जितेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जाँच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

