Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर विश्वविद्यालय में बीटेक छात्रों का भारी हंगामा

May 16, 2026

गोरखपुर विश्वविद्यालय में बीटेक छात्रों का भारी हंगामा

Posted on 16/05/2026
Time 15:51 P M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

छात्र सुसाइड मामले में ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे, प्रोफेसरों पर प्रताड़ना का आरोप

​गोरखपुर: 16 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा)
गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के इंजीनियरिंग विभाग में शनिवार को बीटेक छात्रों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। तीन दिन पहले रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के ब्वॉयज हॉस्टल में एक बीटेक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले को लेकर छात्र बेहद आक्रोशित हैं।
​शनिवार सुबह करीब 11 बजे भारी संख्या में छात्र हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर इंजीनियरिंग विभाग के बाहर जमा हो गए और “वी वांट जस्टिस” के नारे लगाने लगे।

​आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि मृतक छात्र को विभाग की ओर से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सेमेस्टर परीक्षा के इंटरनल (आंतरिक मूल्यांकन) में उसे जानबूझकर शून्य (0) अंक दिए गए, जिसके कारण वह फेल हो गया और तनाव में आ गया। इसके अलावा, छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर प्लेसमेंट के नाम पर धोखाधड़ी करने और छात्रों को ‘फर्जी प्लेसमेंट’ देने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
​विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर पर छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जानबूझकर ‘बैक’ लगाने का आरोप लगाया है।

​छात्रों का गुस्सा इस बात को लेकर और बढ़ गया कि सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन के बाद भी दोपहर करीब 3 बजे तक विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति छात्रों से बात करने या उनका ज्ञापन लेने मौके पर नहीं पहुंचा था। छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।