हाथरस। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक करीब पच्चीस वर्षीय विवाहिता ने गुरूवार की देर शाम फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव गोपालपुर भूतपुरा निवासी दिनेश के पुत्र देवेन्द्र की शादी विजयगढ के गांव कटरा मलोई निवासी गौरी शंकर की पुत्री पूनम से करीब आठ वर्ष पूर्व हुई थी। बताते हैं कि इस बीच दिनेश के संसर्ग से पूनम को दो बच्चे भी पैदा हुए। बीती रात जब परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गये तभी पूनम ने अज्ञात कारणों के चलते छत के पंखे में फांसी का फंदा बनाकर झूल गई। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो परिजनों में चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी होने पर मायका पक्ष के लोग गांव पहुंच गये, और सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायका पक्ष और परिजन पूनम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी, मौके पर मौका मुआयना किया मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
