Web News

www.upwebnews.com

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

May 15, 2026

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित श्री हनुमान जी चौकी के निकट शुक्रवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के गांधी पार्क निवासी सूरज पुत्र विनोद अपनी पत्नी वर्षा के साथ बाइक से अलीगढ़ से सासनी की ओर आ रहा था। इसी दौरान थाना बन्ना देवी क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी नरेंद्र पुत्र प्रेमपाल सिंह बाइक से सासनी से अलीगढ़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार श्री हनुमान जी चौकी के पास पहुंचे, तभी दोनों बाइकों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई।हादसे के बाद दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सूरज की पत्नी वर्षा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नरेंद्र को उसके परिजन प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल ले गए।वर्षा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।