फरह के पीगरी गांव में हादसा, शादी की खुशियां मातम में बदलीं; ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
फरह (मथुरा)। शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बंदरों के हमले में एक पिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना थाना फरह क्षेत्र के पीगरी गांव की है, जहां अमर सिंह (पुत्र श्यामलाल) की छत से गिरने के बाद मौत हो गई।
रविवार सुबह अमर सिंह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के तहत घर की छत पर गेहूं सुखाने गए थे। इसी दौरान बंदरों के एक झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर वह संतुलन खो बैठे और छत से नीचे गिर गए।
गंभीर सिर की चोट लगने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अमर सिंह की बेटी पूजा की शादी 10 मई को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटी के हाथ पीले होने से पहले ही पिता की अर्थी उठने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। कई बार वन विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने घटना के लिए विभागीय लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
परिवारीजन ने कहा
“घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन अचानक यह हादसा हो गया। बंदरों का आतंक लंबे समय से है, कई बार शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हमारे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।”

