मैनपुरी , दीवानी बार एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। इस चुनाव में अवधेश यादव अध्यक्ष और बिजेंद्र यादव सचिव चुने गए हैं। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।
बहुप्रतीक्षित दीवानी बार एसोसिएशन के चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण रही, जिसके बाद मतों की गणना कर परिणाम घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में अवधेश यादव ने 400 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी शरवीर यादव को 71 और महेंद्र मिश्रा को 153 मत मिले। सचिव पद पर बिजेंद्र यादव ने 257 मतों के साथ विजय प्राप्त की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्येंद्र (164 मत) को 93 मतों से हराया। अन्य प्रत्याशियों में जीतू को 104,मुकेश को 19 और अवधेश को 18 मत प्राप्त हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही बार एसोसिएशन परिसर में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों और अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ जीत का जश्न मनाया गया,इस दौरान “बार एसोसिएशन जिंदाबाद” के नारे भी गूंजते रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवधेश यादव ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे बार एसोसिएशन की गरिमा बनाए रखते हुए अधिवक्ताओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता संगठन को और मजबूत बनाना होगी।
वहीं, सचिव बिजेंद्र यादव ने भी सभी का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बार और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में बार एसोसिएशन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
