मैनपुरी, विकास खण्ड किशनी में बरनाहल से स्थानांतरित होकर आए खण्ड शिक्षा अधिकारी जमील अहमद ने बीआरसी कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने बीआरसी स्टाफ से क्षेत्र की भौगोलिक और शैक्षिक स्थिति की जानकारी ली और सीधे विद्यालयों के निरीक्षण पर निकल पड़े। दोपहर करीब एक बजे बीईओ पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय समान और जूनियर हाईस्कूल समान पहुंचे। उन्होंने कक्षा में जाकर बच्चों से संवाद किया और सामान्य ज्ञान की परख के लिए देश के प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा ग्राम प्रधान के नाम पूछे। बच्चों ने बिना झिझक सभी प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए। शिक्षकों को बीईओ ने स्पष्ट लहजे में कहा कि सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और मन की आत्मा के साथ बच्चों को शिक्षित करें।
विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाए। किसी भी समस्या के समाधान के लिए शिक्षक सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसी दिन दोपहर 2:30 बजे सीडीओ नेहा बंधु ने भी पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय समान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे अत्यंत प्रतिभाशाली हैं, बस उन्हें सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। इस दौरान एआरपी अतुल कुमार, कमलेश यादव, शंकर चौहान, पीयूष कुमार, हेमंत यादव, जुगल किशोर और राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे
