बरसाना (मथुरा)। जनपद मथुरा के थाना बरसाना का वार्षिक निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षकों एवं अन्य पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा की गई तथा “यक्ष” ऐप पर अपराधियों का सत्यापन अद्यतन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाना परिसर में खड़े लावारिस एवं अन्य वाहनों को नियमानुसार नीलाम करने, थाने में मरम्मत एवं रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटर एवं अन्य सूचीबद्ध अपराधियों की सघन निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विवेचना कक्ष, थाना कार्यालय एवं मालखाने का भी जायजा लिया गया। अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा सभी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लाडली जी मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अतिक्रमण हटवाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने तथा सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोवर्धन अश्विनी कुमार सहित बरसाना पुलिस टीम मौजूद रही।
