Web News

www.upwebnews.com

एटा में हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से 47 बीघा गेहूं की फसल खेत में जलकर राख

April 16, 2026

एटा में हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से 47 बीघा गेहूं की फसल खेत में जलकर राख

एटा 16 अप्रैल उप्रससे। जनपद में जलेसर तहसील क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव में हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से 47 बीघा गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। इस घटना में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से लगी आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करते रहे। ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी पीयूष रावत ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उपजिलाधिकारी ने प्रभावित किसानों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
इस घटना में सुधा देवी पत्नी नरेंद्रपाल सिंह, कमला देवी पत्नी किशन सिंह, अमर सिंह सीताराम, सागर सिंह पुत्र हरिपाल, लाखन सिंह पुत्र गीतम सिंह, किशन पाल सिंह पुत्र श्यामलाल सिंह, राजकुमार पुत्र लीलाधर, राजवती पत्नी राजेंद्र सिंह, सुनीता रानी पत्नी रामपाल सिंह और गीतम सिंह पुत्र राजपाल सिंह की कुल 47 बीघा जमीन जलकर राख हो गई है।