Web News

www.upwebnews.com

मुठभेड़ में इनामी अभियुक्त पकड़ा, गोली लगने से हुआ घायल

April 13, 2026

मुठभेड़ में इनामी अभियुक्त पकड़ा, गोली लगने से हुआ घायल

फिरोजाबाद। थाना लाइनपार पुलिस टीम ने सोमवार को 25 हजार के इनामी आरोपित को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्त पर पुलिस बैरियर को ट्रेक्टर से तोडकर पुलिस कर्मियों को ट्रेक्टर से कुचलने की कोशिश करने का आरोप है।
थाना लाइनपार क्षेत्रान्तर्गत 03 अप्रैल की रात्रि को एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को तेजी व लापरवाही से चलाकर लाया और थाना लाइनपार पुलिस टीम द्वारा लगाये गये बैरियर को टक्कर मारकर उसने बैरियर तोडकर पुलिस कर्मियों को जान से मारने की नियत से ट्रेक्टर ट्रोली द्वारा कुचलने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस जांच में सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये जिसमें ट्रैक्टर चालक की पहचान मोहनलाल पुत्र देवेन्द्र निवासी बारेलाल की ठार गुदाऊ थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद के रुप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपित घटना के बाद से ही फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा नामजद अभियुक्त मोहनलाल की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी लाइनपार रमित आर्य पुलिस टीम के साथ सोमवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना पर वांछित इनामियाँ अपराधी मोहन लाल को गुदाऊशाला थाना क्षेत्र लाइनपार से पुलिस मुठभेड के दौरान गिरफ्तार किया है।अभियुक्त से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा करातूस 315 बोर, 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर , घटना में प्रयुक्त एक ट्रेक्टर ट्रोली बरामद हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।