एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

March 18, 2026

एटा में स्कॉर्पियो ने 3 लोगों को रौंदा, मौत, ड्राइवर गंभीर घायल

एटा 18 मार्च उप्रससे। एटा के सकरौली थाना क्षेत्र में बालगढ़ी के पास बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है

सकरौली थाना क्षेत्र में 18 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव बालगढ़ी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सकरौली चौराहे पर एक ईको वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागते समय स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, और स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। जिससे बबलू शर्मा (32) निवासी टूंडला, रचना(30) निवासी सकरौली और दिगंबर (55) निवासी नगला पार थाना रिजावली फिरोजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं स्कॉर्पियो चालक सतेंद्र कुमार (30) पुत्र करन पाल, निवासी नगला पार, थाना रिजावली, फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल घायलों को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कार चालक को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

स्कॉर्पियो कार जलेसर से रिजावली की ओर जा रही थी। रास्ते में पैदल जा रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों सहित पैदल यात्री को टक्कर मारते हुए निकल गया।

थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है, घायल चालक का इलाज जारी है।