-मुरादाबाद के नंबर से अलवर, गुरुग्राम में बेरोकटोक दौड़ रहीं कार
-इन शहरों में यातायात पुलिस के चालान कटे तो फर्जीवाड़े का भेद खुला
Post on 14.3.26
Saturday, Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
वाहनों के नंबरों में फर्जीवाड़े का खेल थम नहीं रहा। चोरी की गाड़ियों को दूरदराज क्षेत्रों में पहुंचा दिया जाता है। पर फर्जीवाड़ा चोरी की गाड़ियां बेचने तक सीमित नहीं है। एक जिले में परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड वाहनों के नंबर आसानी से दूसरे शहर या प्रांतों में चल रहे हैं। ऐसा ही मामला मुरादाबाद से जुड़ा है। जिले में परिवहन विभाग में पंजीकृत वाहन के नंबर से दूसरी जगहों पर अन्य वाहनों से चल रहीं हैं। मुरादाबाद में कुछ साल पहले पंजीकृत स्कूटी के नंबर से राजस्थान व हरियाणा में कार दौड़ाईं जा रही है। यह स्कूटी मुरादाबाद में एडवोकेट विशाल कांत के नाम परिवहन विभाग में बाकायदा रजिस्टर्ड है। वाहन स्वामी का कहना है कि होंडा कंपनी की स्कूटी यूपी-21 सीडी -0020 छह साल से उनके नाम है। परिवहन कार्यालय में गाड़ी का पंजीकरण भी हुआ है। पर दोपहिया स्कूटी का नंबर राजस्थान व हरियाणा में कार के नंबर से संचालित है
चालान से हुआ खुलासा –
एडवोकेट विशाल कांत का कहना है कि स्कूटी के नंबर से राजस्थान के जिले अलवर व हरियाणा में गुरुग्राम में कार की नंबर प्लेट है। इन दोनों जगहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने चालान काटे। उनका कहना है कि फर्जी तरीके से कार चल रहीं हैं। दो हजार और एक हजार रुपए का चालान भरने से ज्यादा वाहन स्वामी को इसके आपराधिक दुरुपयोग की आशंका है। फिलहाल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग एडवोकेट विशाल कांत ने एसएसपी से इसकी शिकायत कर जांच की मांग की है।

