मथुरा। शहर में श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य श्याम फाग महोत्सव एवं श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस संकीर्तन में श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाटिका, मसानी बाईपास लिंक रोड स्थित परिसर में किया गया। सुबह 10 बजे बाबा श्याम का अभिषेक पूजन किया गया, जबकि रात 8 बजे से भव्य श्याम संकीर्तन शुरू हुआ, जो रात्रि लगभग 2 बजे तक चलता रहा। महोत्सव में बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
संस्था के महंत पंडित भवानी गिरी ने बताया कि कार्यक्रम में फाग और भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे श्रद्धालु श्याम भक्ति में डूब गए।
भजन संध्या में दिल्ली से आईं प्रसिद्ध भजन प्रवाहक भावना स्वरांजली ने अपने मधुर भजनों से समा बांध दिया। वहीं नेहा शर्मा, सिद्धांत राज तथा अंकित लवानिया सहित अन्य भजन गायकों ने भी सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम के कीर्तन का आनंद लिया। देर रात तक भक्त भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में महंत भवानी गिरी के साथ प्रियंक मल्होत्रा, अंकुर गोयल, शिवम गर्ग, अंशुल गोयल, लवकेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, शुभम पिपलिया, मनोज अग्रवाल (धूपबत्ती वाले) तथा उमेश भदौरिया सहित अनेक श्याम भक्त उपस्थित रहे।
