Web News

www.upwebnews.com

बांके बिहारी मंदिर में मिली लखनऊ की 16 वर्षीय किशोरी, वृंदावन पुलिस ने परिजनों से मिलाया घर से नाराज होकर आई थी किशोरी, मिशन शक्ति टीम ने काउंसिलिंग कर पिता और मामा को सौंपा

October 28, 2026

बांके बिहारी मंदिर में मिली लखनऊ की 16 वर्षीय किशोरी, वृंदावन पुलिस ने परिजनों से मिलाया घर से नाराज होकर आई थी किशोरी, मिशन शक्ति टीम ने काउंसिलिंग कर पिता और मामा को सौंपा

वृंदावन (मथुरा)। बांके बिहारी मंदिर परिसर में संदिग्ध और परेशान स्थिति में घूम रही लखनऊ निवासी 16 वर्षीय किशोरी को वृंदावन पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। किशोरी घर से नाराज होकर वृंदावन आ गई थी। मिशन शक्ति टीम ने काउंसिलिंग के जरिए उसका भरोसा जीता और परिजनों से संपर्क कर उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को श्री बांके बिहारी मंदिर परिसर में सुरक्षाकर्मियों की नजर एक परेशान किशोरी पर पड़ी। सुरक्षा की दृष्टि से उसे तत्काल थाने पहुंचाया गया। यहां थाना वृंदावन की मिशन शक्ति टीम ने किशोरी से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उसकी काउंसिलिंग की।

पिता को फोन कर दी सूचना

किशोरी से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लखनऊ में रह रहे उसके पिता को फोन कर उसकी सकुशलता की सूचना दी। बेटी के सुरक्षित मिलने की जानकारी पर उसके पिता और मामा तत्काल वृंदावन थाने पहुंचे।

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत की गई।