Web News

www.upwebnews.com

गोपाल चौधरी हत्याकांड में न्याय की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

October 27, 2026

गोपाल चौधरी हत्याकांड में न्याय की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

हाथरस। गांव कूमरपुर में गोपाल चौधरी हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को फांसी देने की मांग की। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए और उसमें दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र होने के आधार पर उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बताया गया है कि गोपाल चौधरी की 15 अक्टूबर को गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने गोपाल की पत्नी काजल, उसके कथित प्रेमी योगेंद्र चौधरी और बड़ी बेटी शालिनी को गिरफ्तार किया है। इसके बाद गोपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जो कथित तौर पर उसकी मौत से तीन दिन पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में गोपाल घायल अवस्था में दिखाई देता है और योगेंद्र पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाता नजर आता है।
वीडियो में दो अन्य व्यक्तियों का भी जिक्र होने की बात सामने आई है। इसी आधार पर परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि जांच में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की। जनप्रतिनिधियों के गांव नहीं पहुंचने को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।