श्रीनगर, 29 जुलाई 2026, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में अशांति लगातार बढ़ती जा रही है। इस बीच, एक जम्मू-कश्मीर मानवाधिकार निगरानी संस्था ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के कार्यालय से हस्तक्षेप करने की अपील की है। यह अपील उन खबरों के बाद की गई है जिनमें आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में 40 से अधिक प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कई घायल हुए।
जम्मू-कश्मीर मानवाधिकार निगरानी संस्था ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क को भेजी अपनी अपील में कहा कि यह घटना 27 जुलाई को संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी-जेएएसी द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण मार्च’ के रावलाकोट से मुजफ्फराबाद की ओर दोबारा शुरू होने के बाद हुई।
उधर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त के प्रवक्ता जेरेमी लॉरेंस ने जारी एक बयान में कहा कि किसी नागरिक समाज संगठन को अपराधी घोषित करना और शांतिपूर्ण सभाओं पर कड़े प्रतिबंध लगाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण सभा और संगठन बनाने के अधिकार के उल्लंघन को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।
उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए जेएएसी के नेताओं को कानूनी प्रतिनिधित्व और अपने परिवारों से संपर्क का अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही, उनके विधिसम्मत प्रक्रिया और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकारों की पूरी तरह से गारंटी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

