Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में वरिष्ठ स्वयंसेवकों के साथ सुख-दुख पर चर्चा

August 10, 2026

हाथरस में वरिष्ठ स्वयंसेवकों के साथ सुख-दुख पर चर्चा

राकेश जैन बोले- वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़, युवाओं को लेना चाहिए अनुभवों का लाभ
हाथरस। श्री रामबाग इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से ‘वरिष्ठ स्वयंसेवकों के साथ सुख-दुख पर चर्चा’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वरिष्ठ स्वयंसेवकों के योगदान को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और युवा कार्यकर्ताओं को उनके लंबे अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
राकेश जैन ने कहा कि संघ की शताब्दी वर्ष तक की गौरवशाली यात्रा में स्वयंसेवकों ने अपना जीवन समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित किया है। संघ के प्रारंभिक दौर में समाज की उपेक्षा तथा मध्यकाल में विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन स्वयंसेवकों ने धैर्य और समर्पण के साथ अपने कार्य को जारी रखा। हिंदू समाज को संगठित रखने और भारत माता की विश्व में जय-जयकार हो, इसी लक्ष्य को लेकर संघ निरंतर आगे बढ़ता रहा है।
उन्होंने कहा कि अथक परिश्रम और शुद्ध सात्विक प्रेम संघ के कार्य का आधार रहा है। वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने जिस संघ रूपी वृक्ष को वर्षों तक कठिन परिश्रम से सींचा, वह आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और युवा कार्यकर्ताओं को इन अनुभवों से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करना चाहिए।
गोष्ठी के दौरान राकेश जैन ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए पानी की बर्बादी रोकने और प्लास्टिक का प्रयोग कम से कम करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदेमातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश एवं अध्यक्ष नरेश वर्मा ने मंचासीन अतिथियों पर्यावरण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन, जगतगुरु शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख महंत सहजानंद जी ब्रह्मचारी, शक्तिपीठ शाकुंभरी देवी तथा नगर संघचालक डॉ. पीपी सिंह का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
गोष्ठी में मौजूद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने पुराने अनुभवों को साझा किया और संगठन एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इस दौरान वर्तमान और पूर्व दायित्ववान कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में गोष्ठी संयोजक एवं पूर्व सह जिला कार्यवाह सुरेश बागड़ी ने सभी अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. बीपी सिंह ने किया। जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी एवं सेवा भारती जिलामंत्री राजीव आर्य का कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा। गोष्ठी के उपरांत सभी कार्यकर्ताओं के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया।

कांवड़ियों के स्वागत में हाथरस में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, शिवभक्तों पर बरसे फूल

हाथरस। सावन के पावन अवसर पर हाथरस में कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सम्मान के लिए रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न मार्गों से कांवड़ लेकर शिवधाम की ओर जा रहे शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत हाथरस पुलिस लाइन से हुई, जहां दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। इसके बाद सिकंदराराऊ में कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए।
कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन श्रावण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में तथा मठ मंदिर आगरा के महंत महाराज योगेशपुरी जी के मार्गदर्शन में किया गया। समिति के मुख्य आयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने बताया कि पैदल चलकर शिवधाम की ओर जाने वाले कांवड़ यात्रियों की आस्था, भक्ति और सेवा भावना का सम्मान करना कार्यक्रम का उद्देश्य है। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा को देखकर कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला तथा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।

कांवड़ शिविर में पानी की व्यवस्था पर उठे सवाल, खाली कैंपर देखकर नाराज हुए कांवड़िए

हाथरस। हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर कांवड़ यात्रियों के लिए लगाए गए प्रशासनिक शिविर में पानी की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। रुहरी के पास नगर पालिका की ओर से कांवड़ यात्रा शिविर लगाया गया है, जहां दूर-दराज से कांवड़ लेकर आने वाले यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था किए जाने का दावा किया गया था। रविवार को कुछ कांवड़िए रामघाट से कांवड़ लेकर सादाबाद की ओर जा रहे थे। तेज भूख-प्यास के चलते वे शिविर पर रुके, लेकिन वहां रखे पानी के कैंपर खाली मिलने पर कांवड़िए नाराज हो गए।
कांवड़ियों ने खाली कैंपर हाथों में लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही विपिन यादव ने स्थिति को संभाला और प्रतिबंधित पानी के पाउच लाकर कांवड़ियों की प्यास बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। कांवड़ियों का आरोप था कि शिविर में न तो पर्याप्त पानी की व्यवस्था थी और न ही अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध थीं। घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए शिविरों में पर्याप्त पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।

हाथरस से कांवड़ लेने जा रहे युवक की मेरठ में सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर

हाथरस। सावन के पावन महीने में कांवड़ लेने जा रहे हाथरस के युवक की मेरठ जिले में हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसके साथ बाइक पर जा रहा साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हाथरस सदर कोतवाली क्षेत्र की शिव कॉलोनी स्थित भट्टा वाली गली निवासी यश चौधरी पुत्र मुकेश चौधरी अपने साथी के साथ बुलेट बाइक से कांवड़ लेने के लिए जा रहा था। दोनों युवक कांवड़ यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र के आसपास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि यश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही यश के परिवार में कोहराम मच गया। यश के पिता मुकेश चौधरी सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में सहारनपुर में पुलिस विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यश की मौत की खबर शिव कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। कांवड़ यात्रा पर निकले युवक की सड़क हादसे में हुई मौत से परिवार, परिचितों और स्थानीय लोगों में गहरा सदमा है।

144 मोहम्मदी विधानसभा में युवा भाजपा नेता का बढ़ता जनाधार

कुशवाहा के बाद अब मौर्य समाज ने भी दिया खुला समर्थन

लखीमपुरखीरी।जनपद की 144 मोहम्मदी विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।अनिल राठौर द्वारा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और जनता के बीच मजबूत पकड़ बना चुके एक युवा भाजपा नेता का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में कुशवाहा समाज की ओर से मिले भारी समर्थन के बाद, अब पिछड़ी जाति के एक और प्रभावशाली धड़े यानी मौर्य समाज ने भी इस युवा चेहरे के पक्ष में खुलकर खड़े होने का फैसला किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मौर्य समाज के प्रबुद्ध और स्थानीय लोगों ने एक बैठक कर यह निर्णय लिया है। समाज के लोगों का कहना है कि लंबे समय से मिल रही राजनीतिक उपेक्षा और उचित सम्मान न मिलने के कारण वे बदलाव की राह पर हैं। जनता के बीच चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने और बेदाग छवि के कारण इस युवा भाजपा नेता पर मौर्य समाज ने अपना पूरा भरोसा जताया है।दिग्गजों के बिगड़े समीकरण, चर्चाओं का बाजार गर्म है,हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखें अभी तय नहीं हैं, लेकिन इस युवा चेहरे की बढ़ती लोकप्रियता ने क्षेत्र के कई बड़े राजनीतिक गणितज्ञों और टिकट के दावेदारों की नींद उड़ा दी है। सोशल मीडिया से लेकर गांव की चौपालों और गली-मोहल्लों तक सिर्फ इसी चेहरे की चर्चा हो रही है। भीषण गर्मी और विपरीत मौसम में भी इस युवा नेता का लगातार क्षेत्र में पसीना बहाना और जनसंपर्क करना हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है।अन्य सामाजिक संगठनों का भी मिल सकता है साथ,राजनीतिक गलियारों में अंदरखाने चल रही खबरों की मानें तो आने वाले दिनों में क्षेत्र के कई अन्य सामाजिक और क्षेत्रीय संगठन भी इस युवा नेता के समर्थन में आ सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भले ही भविष्य का राजनीतिक ऊंट किस करवट बैठेगा यह तय नहीं है, लेकिन अपनी बेदाग छवि, दृढ़ संकल्प और जनता से सीधे जुड़ाव के दम पर इस युवा चेहरे ने टिकट और नेतृत्व के लिए अपनी सबसे मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।

« Newer PostsOlder Posts »