Web News

www.upwebnews.com

धारदार हथियार से तावड़तोड़ प्रहार कर युवक की हत्या

April 2, 2026

धारदार हथियार से तावड़तोड़ प्रहार कर युवक की हत्या

मैनपुरी , थाना एलाऊ के गांव रतनपुर किरकिच में धारदार हथियार से गले पर वार कर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक आलोक (22) का शव उसके आलू के खेत में बने कमरे में लहूलुहान हालत में मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर परिजन को सूचना दी। हत्या की सूचना पर एलाऊ थाना पुलिस, सीओ सिटी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
गांव रतनपुर किरकिच निवासी आलोक पुत्र स्व. प्रहलाद सिंह के घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित खेत में आलू की खुदाई चल रही है। आलू खेत में ही रखा है, जिसकी रखवाली के लिए आलोक कई दिन से खेत पर बने कमरे में ही सो रहा था। बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे वह घर से खाना खाकर खेत पर गया था। रात करीब 9:30 बजे खेत के आसपास कुछ कुत्ते भोंकने लगे। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने कुत्तों को भोंकते देखा तो खेत में बने कमरे में पहुंचे। कमरे के अंदर आलोक का शव लहूलुहान स्थिति में जमीन पर पड़ा था। शव को देखकर ग्रामीणों आलोक के घरवालों को तुरंत सूचित किया। वहीं, हत्या की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई।
 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। उसके गले और चेहरे पर वार किए गए हैं, जिससे युवक का काफी रक्त निकल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही आलोक के परिजन खेत पर पहुंच गए। जमीन पर लहूलुहान स्थिति में पड़े आलोक के शव को देखकर चीख-पुकार मच गई। वारदात की सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस सहित फोर्स मौके पर पहुंची। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह भी फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित कर सभी सबूत अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। वहीं, हत्या के खुलासे के लिए टीम को लगा दिया गया है।

राम का जीवन ही रामोत्सव: मुकेश खांडेकर

रामोत्सव में राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान

हाथरस। विश्व हिंदू परिषद द्वारा अंगूमल धर्मशाला में आयोजित रामोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में पहली बार हाथरस पहुंचे क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश विनायक खांडेकर ने कहा कि राम का सम्पूर्ण जीवन ही रामोत्सव है और उनके आदर्श समाज को संगठित व सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने अपने उद्बोधन में प्रभु राम के जीवन चरित्र के माध्यम से मर्यादा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रत्नेश रत्न ने समरस समाज की आवश्यकता पर बल देते हुए जात-पात से ऊपर उठकर एकता का आह्वान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और भगवान राम के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया।इस अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण खंडेलवाल ने किया, जबकि आभार संजय गर्ग ने व्यक्त किया। आयोजन को सामाजिक एकता और संगठन शक्ति के उदाहरण के रूप में देखा गया।

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की समीक्षा की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की प्रवेश द्वार को लेकर समीक्षा बैठक
लखनऊ: 01 अप्रैल, 2026, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में कृषि विभाग के कार्याें की समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में यथाशीघ्र विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस व्यवस्था से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र में एकीकृत लाभ वितरण प्रणाली के रूप में विकसित कर रही है। इसके अन्तर्गत कृषि विभाग तथा अन्य सम्बन्धित विभागों की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा रहा है, जिससे किसान को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के आधार पर सरल और व्यवस्थित तरीके से प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं में यदि लाभार्थियों के नाम या अभिलेखों में कोई त्रुटि अथवा विसंगति है, तो उसे आधार से लिंक कर प्राथमिकता के आधार पर संशोधित किया जाए। प्रत्येक पात्र किसान का किसान पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजनाओं के लाभ वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए और पात्रता का सत्यापन सुगम हो सके।
कृषि विभाग अपनी सभी योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था निर्धारित समयसीमा में तैयार करे और विभागीय पोर्टल को 01 मई, 2026 तक पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए। इसके माध्यम से लाभार्थियों के चयन और लाभ वितरण की प्रक्रिया को डिजिटल एवं एकीकृत रूप में संचालित किया जा सकेगा। उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं लघु सिंचाई जैसे सहयोगी विभाग भी अपनी योजनाओं में किसान पहचान पत्र के उपयोग के लिए कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करें और 31 मई, 2026 तक आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि सभी विभागों में एक समान व्यवस्था लागू हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक जटिलताएं समाप्त होंगी। इससे संसाधनों का लक्षित उपयोग सम्भव होगा तथा विशेष परिस्थितियों में आवश्यक कृषि इनपुट का वितरण अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से किसानों तक पहुंचेगा और एक ही लाभार्थी को बार-बार लाभ मिलने की स्थिति की समीक्षा भी सहज रूप से की जा सकेगी। मुख्यमंत्री जी ने सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया कि इस कार्य को गम्भीरता से लेते हुए समयसीमा के भीतर पूर्ण करें और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

मैनपुरी: मानसिक प्रताड़ना तंग युवक ने दी जान

मैनपुरी, थाना एलाऊ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इमलिया में एक 22 वर्षीय युवक राहुल ने गाँव के ही कुछ दबंगों की प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के भाई ने थाने में तहरीर देकर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के भाई आदेश कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गाँव की ही पूजा, उसकी माता लवली, पिता सदानंद और इन्द्रपाल पिछले काफी समय से राहुल को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 31 मार्च को उक्त आरोपियों ने राहुल को छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामले को रफा-दफा करने के बदले आरोपियों ने राहुल से 20,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, सोने का ओम और चांदी की पायल जबरन वसूल ली। परिजनों का आरोप है कि कीमती सामान और नकदी हड़पने के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा। वे राहुल पर लगातार 50,000 रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बना रहे थे। आर्थिक शोषण और समाज में बदनामी के डर से राहुल इतना टूट गया कि उसने बीती रात घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित परिवार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने और आत्महत्या के लिए उकसाने व अवैध वसूली की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद से गाँव में शोक और रोष का माहौल है।

गोरखपुर में 5 किशोर डूबे, एक शव बरामद

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/04(2026

गोरखपुर,  एक बेहद दुखद और बड़ी खबर ।
बुधवार की शाम जहां खोराबार विकासखंड के मिर्जापुर ग्राम के पास नदी में चार बच्चों के डूबने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वही राजघाट इलाके के तकिया घाट के समीप राप्ती नदी में एक लड़की को बचाने के प्रयास में बसंतपुर खास निवासी विजेंद्र कुमार का 14 वर्षीय लड़का विवेक डूब गया लेकिन लड़की को सुरक्षित बचा लिया प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

दोनों घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब मिर्जापुर के पास चार किशोर लापता हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। उपजिलाधिकारी सदर दीपक गुप्ता ने तत्काल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी मुख्यालय और चारगांवा से 11वीं वाहिनी NDRF की टीम को मौके पर उतारा गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ,जिलाधिकारी दीपक मीणा , एसएसपी डॉ कौस्तुभ खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत कार्य में कोई भी ढिलाई न बरती जाए। अंधेरा होने के बावजूद NDRF के जवान आधुनिक संसाधनों के साथ लापता बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं।
लापता बच्चों की पहचान रानीडीहा निवासी 15 वर्षीय बीरू उर्फ अमन राजभर,
13 वर्षीय अनिकेत यादव
मालवीय नगर निवासी 15 वर्षीय विवेक निषाद और जंगल सिकरी निवासी 15 वर्षीय
गगन पासवान पासवान के रूप में हुई है ।
पूरे मिर्जापुर और आस-पास के इलाकों में मातम का माहौल है वही बसंतपुर खास में भी विवेक के घर मातम फैला है । परिजनों की आंखें नदी की लहरों पर टिकी हैं, इस उम्मीद में कि कोई चमत्कार हो जाए। हालांकि, समय बीतने के साथ चिंता बढ़ती जा रही है, लेकिन NDRF का हौसला कम नहीं हुआ है। प्रशासन हर संभव मदद का भरोसा दे रहा है।

गुरुवार की शाम को एनडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव ढूंढ निकाला जिसकी पहचान रानीडीहा निवासी सतीश के 15 वर्षीय पुत्र विवेक के रूप में हुई है।

« Newer PostsOlder Posts »