Web News

www.upwebnews.com

धार्मिक स्थलों का होगा व्यापक विकास, बढ़ेगा पर्यटन- जयवीर सिंह

April 13, 2026

धार्मिक स्थलों का होगा व्यापक विकास, बढ़ेगा पर्यटन- जयवीर सिंह

Thakur jay veer singh

पर्यटन मंत्री ने किया नारखी क्षेत्र में 6.64 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
फिरोजाबाद। नारखी क्षेत्र में पर्यटन विकास एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को नई गति देते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को करीब 6.64 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के अंतर्गत सिद्ध काली माता मंदिर, कनवार रेमजा में 1.93 करोड़, श्री राधा कृष्ण मंदिर, बड़ा गांव में 1.50 करोड़, श्री शिव मंदिर, आसलपुर में 1.23 करोड़, गोगाजी एवं काली मंदिर, पिपरौली में 1.12 करोड़ तथा शिव मंदिर, गढ़ी हंसराम में 85.88 लाख के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का स्वरूप निखरेगा और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हो रहा है।उन्होंने कहा डबल इंजन सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर भी पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। हम प्रदेश के हर महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों। उन्होंने कहा इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि फिरोजाबाद जनपद पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा। पर्यटन के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने कहा कि यह परियोजनाएं टुंडला क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा इन विकास कार्यों से आमजन और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
विधायक ने इन योजनाओं की स्वीकृति के लिए पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुशील चक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।

जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर 18 व 19 अप्रैल को सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा होगी

 

—-जनपद में 33 विषयों में कुल 10455 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल

लोकमित्र ब्यूरो
आगरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा (विज्ञापन सं0-51) को नकल विहीन, शुचितापूर्ण सकुशल एवं निर्विवाद रूप से संपन्न कराये जाने के संबंध में, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन ने वीसी के माध्यम से निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा सहायक आचार्य चयन परीक्षा (विज्ञापन संख्या-51) 06 मंडल मुख्यालयों, जनपद प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, आगरा व गोरखपुर में विभिन्न कॉलेजों विद्यालयों/संस्थानों में बने 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में 09.30 बजे से 11.30 बजे तक तथा अपरान्ह 02.30 बजे से 04.30 बजे तक आयोजित होगी।

बैठक में मंडलायुक्त महोदय श्री नगेंद्र प्रताप जी ने उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य चयन परीक्षा में एक अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने, जनपद के प्रत्येक केंन्द्र हेतु एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक केन्द्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने, कोषागार में गोपनीय सामग्री को डबल लोकर में सुरक्षित रखवाये जाने हेतु सम्पूर्ण व्यवस्थायें सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।

परीक्षा केन्द्रों पर शान्तिपूर्ण, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा को सम्पन्न किये जाने हेतु आवश्यक आदेश/निषेधाज्ञा आदि जारी करना। परीक्षा उपरान्त आयोग के निदेशानुसार निर्दिष्ट अधिकारियों के द्वारा गोपनीय सामग्री को समुचित सुरक्षा व्यवस्था में आयोग कार्यालय में हस्तगत कराये जाने की व्यवस्था करना, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, क्लॉक रूम, विद्युत, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर इत्यादि सभी मानकों की जांच करने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि की गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग, ब्रीफिंग आदि कराए जाने को संबंधित को निर्देशित किया।

मण्डल आयुक्त ने कहा कि उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) की यह परीक्षा अति महत्वपूर्ण व संवेदनशील है। अतः उक्त परीक्षा को नकल विहीन, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु अपने स्तर से योग्य व कुशल अधिकारियों को विभिन्न दायित्वों के निर्वहन हेतु नामित कर उनका प्रशिक्षण, ब्रीफिंग आदि समय से कराते हुए अपने कुशल मार्गदर्शन में आयोग की इस प्रतिष्ठापूर्ण परीक्षा को सम्पन्न कराए जाने हेतु ससमय तैयारी पूर्ण की जाए।

उक्त परीक्षा हेतु जनपद में 07 परीक्षा केंद्र 1- सेंट joms कालेज ब्लाक-ए,एम०जी०रोड आगरा, 2- सेंट जॉन्स कालेज ब्लाक-बी एम०जी०रोड आगरा, 3-श्री केदारनाथ सेक्सरिया आर्य कन्या इं०का० यमुना किनारा बेलनगंज, 4-साकेत विद्यापीठ इं०का० साकेत कालोनी शाहगंज आगरा, 5-राजकीय इण्टर कॉलेज पचकुंया शाहगंज आगरा, 6- राजा बलवंत सिंह इण्टर कॉलेज खंदारी आगरा, 7-नगर निगम इण्टर कॉलेज ताजगंज पुरानी मण्डी कॉसिंग को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जनपद में 18 अप्रैल को प्रथम पाली में 2855, द्वितीय पाली में 2074 तथा 19 अप्रैल को प्रथम पाली में 2780 व द्वितीय पाली में 2746 कुल 10455 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी, अपर आयुक्त राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर श्री यमुनाधर चौहान, एडीसीपी पूनम सिरोही, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम मौर्य का दावा 2047 तक सपा-कांग्रेस आउट ऑफ गेम

भाजपा ही वर्तमान, भाजपा ही भविष्य- आगरा से बड़ा सियासी संदेश

आगरा। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को आगरा दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और देश में कांग्रेस की वापसी का कोई नंबर नहीं है।

डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव सत्ता से दूर होने की वजह से बेचैन हैं। उनकी बौखलाहट साफ दिखती है, इसलिए वे सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यूपी की जनता उनकी सैफई विदाई की तैयारी कर चुकी है।

—-बंगाल और असम पर बड़ा दावा

मौर्य ने राष्ट्रीय राजनीति पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल को लेकर कहा कि इस बार बंगाल में पहली बार कमल खिलने जा रहा है। भाजपा जनता से किए सभी वादे पूरे करेगी। 4 मई… दीदी गई।” उन्होंने असम को लेकर दावा किया कि हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

डिप्टी सीएम का यह बयान उस समय आया जब वे आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल में नेशनल फेडरेशन ऑफ इंश्योरेंस फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद वह राजदेवम ऑडिटोरियम में शिक्षक संगठन यूटा के कार्यक्रम में भागीदारी करने निकल गए। वहां से डिप्टी सीएम ने फिरोजाबाद मोड़ मैदान पहुंचकर सम्राट अशोक लॉट का लोकार्पण किया। एत्मादुद्दौला क्षेत्र में महाराज निषादराज जयंती कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां से उनका राज्यसभा सांसद नवीन जैन के कमला नगर स्थित आवास पर पहुँचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

मौर्य ने अपने बयान में यह भी दोहराया कि “2027 ही नहीं, 2047 तक भी विपक्ष सत्ता में नहीं आएगा। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और भाजपा की नीतियों का परिणाम बताया।

फतेहपुर सीकरी में धर्म पूछकर फेरी बाले रोकने का वीडियो वायरल

—पुलिस ने युवक को गिरफ्तार

आगरा। आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के दूरा गांव में एक युवक द्वारा फेरीवालों को रोककर उनका धर्म पूछने और गांव में आने से मना करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक गली में कपड़ा बेचने और कबाड़ खरीदने आए दो फेरीवालों को रोकता है। वह उनसे नाम और धर्म पूछता है। दूसरे धर्म का होने पर कहता है कि गांव का माहौल खराब है, यहां मत आओ। यहां तक कहता है कि “यहां दूसरे धर्म के लोगों की नो एंट्री है। पहली बार चेतावनी देता है, दोबारा आने पर सजा देने की बात करता है। साथ ही उनसे लाइसेंस भी मांगता है। पूरी घटना के दौरान युवक खुद वीडियो बनाता रहता है।

थाना फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह के अनुसार वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। आरोपी की पहचान बॉबी चौधरी के रूप में हुई। वह उंदेरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शांतिभंग (पब्लिक ऑर्डर डिस्टर्ब करने) में चालान कर जेल भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बॉबी चौधरी खुद को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर बताता है। इंस्टाग्राम पर उसके 46 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर इस तरह के विवादित वीडियो बनाता है। पहले भी एक युवक को गैस सिलेंडर ले जाते समय “ब्लैक करने वाला” बताकर वीडियो पोस्ट कर चुका है। बताया जा रहा है कि लाइक्स और व्यूज़ के लिए इस तरह के वीडियो बनाना उसकी आदत बन गई है।

—मामले का सामाजिक पहलू

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिहाज से भी गंभीर मानी जा रही है। किसी व्यक्ति को धर्म के आधार पर रोकना या धमकाना कानूनन अपराध है। ऐसे वीडियो समाज में तनाव बढ़ा सकते हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।

सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नवविवाहिता ने शादी के अगले ही दिन सुहागरात से पहले 90 लाख रुपये नकद की मांग रख दी। इस अप्रत्याशित शर्त ने पूरे ससुराल पक्ष को स्तब्ध कर दिया।

परिवार के मुताबिक, जब दूल्हे और उसके घरवालों ने इतनी बड़ी रकम तुरंत देने में असमर्थता जताई, तो दुल्हन ने कथित तौर पर रिश्ता निभाने से इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, आरोप है कि वह घर में रखे सभी गहने लेकर अपने मायके चली गई।

घटना ने उस समय और भी खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन के परिजन ससुराल पहुंचे और घर को बाहर से बंद कर दिया। परिवार के अनुसार, दबाव बनाने के लिए पीएनजी गैस की लाइन तोड़ दी गई, जिससे घर में आग लगने का खतरा पैदा हो गया। आरोप है कि यह कदम उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश के रूप में उठाया गया।

भयावह स्थिति में फंसे परिवार ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला खुलवाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना जगदीशपुरा में नवविवाहिता और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »