Web News

www.upwebnews.com

भारत का पहला निजी क्षेत्र का उपग्रह अंतरिक्ष में प्रक्षेपित

May 3, 2026

भारत का पहला निजी क्षेत्र का उपग्रह अंतरिक्ष में प्रक्षेपित

नई दिल्ली, 03 मई 26, भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सी ने कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से विश्‍व के पहले ऑप्टोसार उपग्रह, मिशन दृष्टि, का प्रक्षेपण किया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गैलेक्सी को बधाई देते हुए इसे भारत के अंतरिक्ष और नवाचार के सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

उपराष्ट्रपति ने कहा है कि मिशन दृष्टि अपनी उन्नत, हर मौसम में चौबीसों घंटे पृथ्वी अवलोकन क्षमता के साथ भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण के जुनून का प्रमाण है।

RSF Report: चीन में पत्रकारों का सर्वाधिक दमन

बीजिंग, 03 मई 26, चीन पत्रकारों के लिए दुनिया की सबसे बड़ी जेल बना हुआ है और इसकी सरकार ने दुनिया भर में पत्रकारिता और सूचना के अधिकार के खिलाफ दमनकारी अभियान चला रखा है। पेरिस स्थित रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (आरएसएफ) ने अपने नवीनतम वार्षिक सर्वेक्षण में यह बात कही है। चीन ने 110 पत्रकारों और तीन मीडियाकर्मियों को हिरासत में रखा है। चीनी सरकार तिब्बत से जुड़े मुद्दों जैसे संवेदनशील विषयों पर पत्रकारों को रिपोर्टिंग करने से रोकने के लिए निगरानी, ​​जबरदस्ती, धमकी और उत्पीड़न का इस्तेमाल कर रही है। प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में चीन 180 देशों में से 178वें स्थान पर है। वह पिछले साल के 176वें स्थान से दो पायदान नीचे खिसक गया है।

आरएसएफ ने पत्रकार झांग झान को कानूनी सलाह से वंचित करने और उन्हें बाहरी दुनिया से अलग-थलग करने के लिए चीनी अधिकारियों की निंदा की है और वैश्विक समुदाय से बीजिंग पर उनके उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए दबाव बढ़ाने का आग्रह किया है।

पांच राज्यों में मतगणना की तैयारी पूरी

नई दिल्ली, 03 मई 26, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुद्दुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्‍थलों पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। पश्चिम बंगाल में मतों की गिनती 77 मतगणना केन्‍द्रों पर की जाएगी।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर मतदान होगा। मतगणना 24 मई को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल के मतदान में गंभीर गडबड़ी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बड़े पैमाने पर उल्लंघन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
तमिलनाडु में सत्‍ताधारी डीएमके के नेतृत्‍व में धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन, अन्‍ना द्रमुक के नेतृत्‍व वाले राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन और कुछ क्षेत्रीय दलों के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।
केरलम में मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
असम में विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए 126 पर्यवेक्षकों की निगरानी में मतगणना की जाएगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पुद्देचेरी में आम जनता और राजनीतिक पार्टियां विधानसभा चुनाव के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली में आग से 9 की मृत्यु, 2 गंभीर

Posted on 03.05.2026 Time 11.30 AM, Delhi Fire incident

नई दिल्ली। विवेक विहार में चार मंजिला बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर तड़के साढ़े 3 बजे लगी भीषण आग से 9 लोगों की मृत्यु हो गई, 2 लोग झुलस गए। फायरब्रिगेड कर्मियों ने 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

जानकारी के अनुसार एसी में विस्फोट होने से आग लगी। मृतकों की शिनाख्त में काफी कठिनाई आ रही है। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

April 30, 2026

हिंदू समाज में समाप्त हो भेद भाव: नरेंद्र ठाकुर

Narendra Thakur RSS

Posted on 30 April 2026, Time 07.19 PM, Thursday, Lucknow, RSS, Media Samvad, Vishwa samvad Kendra

लखनऊ, 30 अप्रैल 26 । हिंदू समाज में जाति, भाषा, प्रांत आदि के आधार पर भेदभाव समाप्त होना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा है। इसके लिए 32 से अधिक संगठन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। ये बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने गुरुवार को नारद जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि आरएसएस की 100 वर्ष की यात्रा सामान्य यात्रा नहीं है। हमारे कार्यकर्ताओं ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। संघ विश्व में भारत माता की जय जयकार के लिए कार्य करता है। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना संघ का उद्देश्य है। प्रथम सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संघ व्यक्ति निष्ठ नहीं, तत्व निष्ठ बनने में विश्वास करता है। इसीलिए हमने किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि परम पवित्र भगवा ध्वज को गुरु माना।

उन्होंने कहा कि संघ की 85000 से अधिक दैनिक शाखाएं और 32000 से अधिक साप्ताहिक मिलन चल रहे हैं। वनवासी क्षेत्रों से लेकर नगरों तक अनगिनत सामाजिक कार्य स्वयंसेवक चला रहे हैं।

नरेंद्र ठाकुर ने संघ के भविष्य की कार्य योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि पंच परिवर्तन का कार्य समाज में चल रहा है। सामाजिक समरसता के माध्यम से हम हिंदू समाज के बीच हर प्रकार का भेदभाव मिटाना चाहते हैं। शताब्दी वर्ष में हिंदू सम्मेलनों में समाज के सभी एक साथ आए और सहयोग किया। कुटुम्ब प्रबोधन के जरिए संघ चाहता है कि पारिवारिक व्यवस्था ठीक रहे तो समाज भी ठीक रहेगा। पर्यावरण संरक्षण भी समाज का प्रमुख कर्तव्य होना चाहिए। साथ ही स्व के आधार पर समाज का जीवन चलना चाहिए। भाषा, वेशभूषा में भी स्व का भाव होना चाहिए। इसी प्रकार सभी को नागरिक कर्तव्यों का बोध होना चाहिए। हर व्यक्ति देश, समाज के प्रति अपने कर्तव्य को समझे।

यूजीसी दिशा निर्देशों को लेकर किए गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह मामला सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन है। इसलिए संघ इस विषय पर अपना कोई मत व्यक्त नहीं करना चाहता, फिर भी हमारा मानना है कि समाज में सद्भाव बना रहना चाहिए।

कार्यक्रम में संघ के प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, विश्व संवाद केंद्र के उपाध्यक्ष अशोक सिंहा, संयुक्त क्षेत्र प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, प्रांत प्रचारक कौशल समेत अनेक संघ पदाधिकारी उपस्थित थे।

« Newer PostsOlder Posts »