Web News

www.upwebnews.com

ELC 2.0 एवं ECINET पर क्षेत्रीय कार्यशाला में शाहजहांपुर से शामिल होंगे 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि

August 25, 2026

ELC 2.0 एवं ECINET पर क्षेत्रीय कार्यशाला में शाहजहांपुर से शामिल होंगे 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि

शाहजहांपुर / ( संजीव गुप्त) अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने के उद्देश्य से दिनांक 24 अगस्त 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में ELC 2.0 एवं ECINET विषयक एक दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला की अध्यक्षता भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जनपद शाहजहांपुर की छ: विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा मीडिया/सोशल मीडिया नोडल अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होकर निर्वाचन आयोग की नई पहलों एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) श्री आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित निर्वाचन आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाना, युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम SVEEP (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के तेजी से बदलते स्वरूप तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन साक्षरता क्लब कार्यक्रम को अब ELC 2.0 के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को वर्षभर सक्रिय, सहभागितापूर्ण, अनुभवात्मक तथा डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में स्थापित करना है, जिससे युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें और जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्यशाला से प्राप्त अनुभव एवं जानकारी निर्वाचन साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी तथा युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाएगी।

80 फीट गहरे कुएं में गिरा व्यक्ति, फायरमैन ने जान जोखिम में डाल बचाई जान

आगरा। नामनेर के पास सदर बाजार क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिर गया। कुएं में फंसे व्यक्ति की कई घंटे तक चीखें सुनाई देती रहीं। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कुएं की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में फायरमैन ने बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनकर सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में प्रवेश किया और नीचे फंसे व्यक्ति तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू टीम ने चेयर नॉट की मदद से व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से ऊपर खींचा। काफी मशक्कत के बाद उसे सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि व्यक्ति शराब के नशे में होने के कारण कुएं में गिर गया था। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस स्तर से अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

करीब 80 फीट गहरे कुएं में उतरकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना फायर ब्रिगेड टीम के लिए जोखिम भरा अभियान था। फायरमैन ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना साहस दिखाते हुए रेस्क्यू किया। सफल ऑपरेशन के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की टीम की जमकर सराहना की।

August 24, 2026

किसान नेता की पिटाई करने वाले इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को अब सस्पेंड किया गया

मेरठ‌। मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीसी मूर्ति ने किसान नेता दिग्विजय भाटी की बर्बरतापूर्वक की गई पिटाई के मामले में आरोपी इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को आज निलंबित कर दिया। आरोप है कि दिग्विजय भाटी को एसएसपी दफ्तर से यही इंस्पेक्टर अपने साथ ले गया था, कहा जा रहा है कि एसओजी दफ्तर में दिग्विजय भाटी की हाथ-पैर बांधकर पिटाई की गई और *”चोली के पीछे क्या है” गाने पर नचवाया भी गया।* इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को नवागत एसएसपी ने 7 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कल ही लाइन हाजिर किया था।

August 23, 2026

संरक्षण गृह में 14 वर्षीय बालिका की मौत, दो किशोरियों पर हत्या का आरोप

मथुरा/वृंदावन। राजकीय बालिका संरक्षण गृह में करीब 14 वर्षीय बालिका की मौत से सनसनी फैल गई। मामले में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक संरक्षण गृह में रहने वाली दो 15 वर्षीय किशोरियों पर गहराया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मृत बालिका अपने कमरे से जुड़े अटैच्ड बाथरूम में दो अन्य किशोरियों के साथ गई थी। सीसीटीवी फुटेज में तीनों के बाथरूम में जाने और कुछ देर बाद केवल दो किशोरियों के बाहर निकलने की पुष्टि हुई। पूछताछ में दोनों किशोरियों ने घटना के संबंध में जानकारी दी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संरक्षण गृह का निरीक्षण किया तथा संबंधित बालिकाओं और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

संस्था प्रमुख की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए भी पत्राचार किया गया है। पुलिस के अनुसार मौके से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों किशोरियों की भूमिका प्रथमदृष्टया सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के साथ मजिस्ट्रेटी जांच के आधार पर घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

लोक सेवक परिवार को भेंट किए गए रुद्राक्ष के पौधे

लखनऊ 23 अगस्त 2026, लोक सेवक परिवार महासमिति एवं उत्तर प्रदेश पीसीएस संघ के पूर्व अध्यक्ष बाबा हरदेव सिंह के नेतृत्व में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को के.डी.सिंह प्रभागीय वनाधिकारी (सेवानिवृत्त) उत्तर प्रदेश के सौजन्य से भगवान शिव के पावन प्रतीक विग्रह रूप रुद्राक्ष पौध भेंट किया गया। दो पौधे एस.के.डी.एकेडमी, विक्रांत खंड, गोमतीनगर लखनऊ परिसर में रोपित किए गए।

श्री सिंह द्वारा पौध की विशेषता और महत्व को बताते हुए अभी तक लगभग अनेक आयोजनों में हजारों पौध रोपित और वितरित किए जा चुके हैं तथा हाल ही में 05 अगस्त, 2026 को विधान परिषद के माननीय सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह जी की अगुवाई में विधान परिषद के समस्त सदस्यों को रुद्राक्ष के 100 पौध भेंट किये गये। इस प्रकार विशेष अभियान चलाकर स्कूल, कालेजों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित अवसरों पर हजारों पौध भेंट किया जाता रहा है। उनका कहना है कि रुद्राक्ष का पौधा बहुत दिव्य एवं सकारात्मक ऊर्जा, शांति, प्राकृतिक वायु शुद्धिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। इसके पवित्र बीजों का उपयोग विश्व भर में जप, ध्यान, योग एवं आध्यात्मिक साधना के लिए किया जाता है। श्री सिंह के इस सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय संरक्षित प्रयास व रुद्राक्ष जैसे धार्मिक महत्व के वृक्ष के रोपण, संरक्षण और जन मानस में जागरूकता उत्पन्न करते हुए चलाये जा रहे वनीकरण अभियान और इस पुनीत कार्य के लिए इन्हें महासमिति द्वारा सर्वसम्मति से *’रुद्राक्ष पुरुष’* की उपाधि से सम्मानित करते हुए नामित किया गया।

« Newer PostsOlder Posts »