Web News

www.upwebnews.com

हरिद्वार से लौट रहे परिवार की पिकअप पेड़ से टकराई, 11 घायल

August 8, 2026

हरिद्वार से लौट रहे परिवार की पिकअप पेड़ से टकराई, 11 घायल

थकान और नींद आने से चालक का बिगड़ा संतुलन, दो घायलों को आगरा रेफर

हाथरस। देर रात गांव महमूद बरसे के निकट करीब पौने दो बजे वाहन संख्या यूपी 80 जीटी 2187 अनियंत्रित होकर सड़क की विपरीत दिशा में स्थित पीपल के पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन सवार 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेजदिया है।
शनिवार को पुलिस के अनुसार मिली जानकारी में एक ही परिवार के लोग चार अगस्त को आगरा के मलपुरा से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। चार दिनों से लगातार इसी वाहन से यात्रा करने के बाद शुक्रवार रात हरिद्वार से अपने गांव मलपुरा लौट रहे थे। महमूद बरसे के पास चालक रमन पुत्र चंद्रपाल, उम्र करीब 35 वर्ष, को थकान और नींद आ जाने के कारण पिकअप वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क की दूसरी दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई। घटना की जानकारी होते ही राहगीरों की भीड जुट गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी मयफोर्स के मौके पर पहुंच गई और ऐंबुलेंस के जरिए लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला हाॅस्पीटल भेजा। जहां सभी का उपचार कराया गया। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र और ऋतिक पुत्र सुनील को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे में इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र (42), दीपक (16), संजय (40), ऋतिक (15), आदि (13), रितु (12), धर्मेंद्र (42), चालक रमन (35), रेखा (28), पिंकी (38) और ओम (40) घायल हुए हैं। सभी मलपुरा थाना क्षेत्र,  आगरा के निवासी बताए गए हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

कांवड़ियों पर बरसे फूल, गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे

हतीसा पुल स्थित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत, बांटा प्रसाद

हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का हाथरस-मथुरा मार्ग स्थित हातिसा पुल के निकट नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों को प्रसाद भी वितरित किया गया।कांवड़ियों के स्वागत के दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। कांवड़ियों और उपस्थित लोगों के ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं के निवास जनपद, यात्रा मार्ग तथा हाथरस में कांवड़ मार्गों एवं शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने यह भी पूछा कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई। कांवड़ियों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार जताया।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और अनावश्यक जल्दबाजी से बचने की अपील की। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सावधानी और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी करने का आह्वान किया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी कांवड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है।कांवड़ कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा पेयजल, भोजन, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। व्यवस्थाओं से कांवड़ श्रद्धालु संतुष्ट नजर आए।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

संदिग्ध परिस्थितियों में टेंपो चालक की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुकुंदखेड़ा में शुक्रवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार गांव मुकुंदखेड़ा निवासी हसन पुत्र सद्दीक टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था। शुक्रवार सुबह वह घर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची सासनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, 15 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम

-निर्देश देते जिलाधिकारी अतुल वत्स

हाथरस। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो  पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों तथा औद्योगिक इकाइयों में भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।उन्होंने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक घरों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तिरंगे को निर्धारित अवधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। किसी भी स्थान पर फटा, गंदा अथवा आधा झुका तिरंगा न लगाया जाए। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और विद्युत पोलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, प्रभात फेरियां, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहले चरण (6 से 8 अगस्त) में स्कूलों में प्रतियोगिताएं, शहीद स्थलों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई होगी। दूसरे चरण (9 से 12 अगस्त) में तिरंगा सेल्फी अभियान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं, तिरंगा महोत्सव, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीसरे चरण (13 से 15 अगस्त) में सरकारी भवनों एवं बाजारों में तिरंगा लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, झंडारोहण, वृक्षारोपण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर पंचायत सचिवों और सहायकों को दिया प्रशिक्षण

मां सरस्वती के सम्मुख  दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए

हाथरस। जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) में विकास खंड सिकंद्राराऊ के ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के लिए पंचायतों की स्वयं की आय  विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकास खंड के सभी पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) गजेंद्र तोमर, सहायक विकास अधिकारी प्रेम किशोर यादव तथा डीपीआरसी की वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।सहायक विकास अधिकारी गजेंद्र तोमर ने ग्राम पंचायतों की आय के नए स्रोत विकसित करने तथा ओएसआर के अंतर्गत शुल्क संग्रह की प्रक्रिया में ग्राम सभा और ग्राम पंचायत की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने पंचायतों की वित्तीय आत्मनिर्भरता में ओएसआर के महत्व पर प्रकाश डाला।मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार चौधरी ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत गोवर्धन योजना, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, सामुदायिक शौचालय एवं ठोस कचरा प्रबंधन के माध्यम से पंचायतों की आय बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा 243एच के तहत ग्राम पंचायतों को कर लगाने और उसकी वसूली का अधिकार प्राप्त है।प्रशिक्षक भूप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि पंचायतें कॉमन सर्विस सेंटर (जन सेवा केंद्र) के माध्यम से विभिन्न प्रमाण पत्र जारी कर तथा पंचायत सहायकों को बैंक संवाददाता के रूप में जोड़कर भी अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं। वरिष्ठ फैकल्टी सीमा चौधरी ने ओएसआर पोर्टल और पंचायतों की आय बढ़ाने के विभिन्न स्रोतों की जानकारी दी।प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों का चार्ट पेपर एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि  जनपद के सभी विकास खंडों के पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

« Newer PostsOlder Posts »