Web News

www.upwebnews.com

Firozabad आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक से टकराई बस, दो की मौत, 20 से अधिक घायल

June 26, 2026

Firozabad आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक से टकराई बस, दो की मौत, 20 से अधिक घायल

UP News , Firozabad Posted on 26.06.2026 Friday Time 06.22 PM
फिरोजाबाद, 26 जून 2026 (उप्र समाचार सेवा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना नगला खंगर क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार को गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नगला खंगर थाना क्षेत्र की सीमा में किलोमीटर संख्या 63 के समीप हुआ। यहां एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक लोहे की रॉड लेकर कानपुर से जयपुर जा रहा था। बस में लगभग 55 सवारियां थी। हादसा होते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। गाड़ी में सवार यात्रियों ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस व यूपीडा की टीम ने तत्काल बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। जिनमें करीब 20 से ज्यादा यात्री घायल थे। पुलिस ने तत्काल घायल यात्रियों को इलाज के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल और कुछ गंभीर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया। सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान चालक सहित दो लोगों की मौत हो गय। बस गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही थी। मृतकों की पहचान पंजाब निवासी बस चालक गुरी और दलजीत के रूप में हुई है। हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना और ओवर स्पीड माना जा रहा है। हालांकि पुलिस घटना की जांच के साथ ही मृतकों व घायलों की पहचान कर रही है।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक स्लीपर बस सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई है। हादसे में बस चालक सहित 2 लोगों की मौत हुई है। कुछ लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।