Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर में खेल क्रांति: 393 करोड़ के इंटरनेशनल स्टेडियम का शिलान्यास

May 16, 2026

गोरखपुर में खेल क्रांति: 393 करोड़ के इंटरनेशनल स्टेडियम का शिलान्यास

Posted on 16/05/2026
Time 15:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

बगल में बनेगा 60 एकड़ का विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

​गोरखपुर, 16 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा)
गोरखपुर के खेल इतिहास में आज का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
​शिलान्यास के साथ ही मुख्यमंत्री ने खेल जगत को एक और बड़ा उपहार देते हुए एलान किया कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बगल में रिजर्व रखी गई 60 एकड़ भूमि पर एक विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।

​जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ताल नदोर में 46 एकड़ में 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तो बनेगा ही, साथ ही इसके पास की 60 एकड़ जमीन पर इनडोर और आउटडोर गेम्स की सुविधाओं से लैस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी तैयार होगा।
​इस कॉम्प्लेक्स में हर तरह के इनडोर गेम्स के साथ-साथ हॉकी और अन्य आउटडोर खेलों की भी विश्व स्तरीय सुविधा होगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में होटलों, रेस्तरां और बाजारों की नई श्रृंखला खड़ी होगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
​मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 वर्ष पहले तक यह क्षेत्र उपेक्षित और बंजर था, जहां जमीनों पर कब्जे होते थे। आज यह भूमि भू-माफियाओं से मुक्त है और डबल इंजन सरकार इस पर युवाओं के भविष्य को तराशने का काम कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग केवल लोककल्याण और विकास परियोजनाओं के लिए होना चाहिए। इसी विजन के तहत यहां पशु चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जा रहा है।
​उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले लोग कभी जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा, जब भी वे सत्ता में आए, उन्होंने केवल गुंडागर्दी, अराजकता फैलाई और सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया।

​खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार अब तक 534 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के तहत सरकारी नौकरी दे चुकी है। सरकार ने 500 और खिलाड़ियों की नई भर्ती निकाली है। इसके तहत ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सीधे सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
​ सीएम ने बताया कि ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा, पारुल चौधरी, अर्जुन देशवाल, प्रवीण कुमार और राजकुमार पाल को यूपी पुलिस में सीधे डिप्टी एसपी (DSP) का पद दिया गया है। वहीं, विजय कुमार यादव व दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार समेत कई अन्य खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित अधिकारी बनाया गया है।

​मुख्यमंत्री ने वैश्विक संकट के बीच देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों और आपूर्ति को बेहतर ढंग से संभालने के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कुशल प्रबंधन की सराहना की। इसके साथ ही स्टेडियम निर्माण के लिए सीएसआर (CSR) फंड से 100 करोड़ रुपये का योगदान देने के लिए उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का विशेष आभार व्यक्त किया।

​सीएम ने बुनियादी ढांचे में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब गोरखपुर से वाराणसी की दूरी 4-5 घंटे से घटकर महज ढाई घंटे रह गई है, और लखनऊ का सफर 8 घंटे से घटकर साढ़े तीन घंटे का हो गया है। सरकार दूरी घटाकर विकास और रोजगार की रफ्तार बढ़ा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के ड्राइंग मैप और मॉडल का भी बारीकी से अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। अनुष्ठान के अंत में उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।