Web News

www.upwebnews.com

एटा में तूफान और बारिश से उखड़े बिजली के पोल,

May 1, 2026

एटा में तूफान और बारिश से उखड़े बिजली के पोल,

पेड़, जनजीवन अस्त-व्यस्त, घंटों लगा जाम

एटा 01 मई उप्रससे। जनपद के अलीगंज ब्लॉक स्थित अकबरपुर कोट गांव में तेज आंधी और बारिश के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राथमिक विद्यालय के पास खड़ा एक नीम का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पेड़ पूरी तरह उखड़ गया और मुख्य मार्ग पर गिरने से आवागमन बाधित हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने के कारण घंटों तक रास्ता बंद रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेड़ गिरने से प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर कोट की बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना आई तेज आंधी और बारिश के कारण हुई।

एटा जिले में बृहस्पतिवार को देर शाम आए तूफान और तेज बारिश ने कहर मचा दिया। कई जगह पेड़े उखड़ गए। विद्युत पोल धराशायी हो गए। इसके बाद तेज बारिश हुई। बादलों की गड़गड़ाहट से लोग सहम गए। शहर से लेकर गांवों तक बिजली सप्लाई ठप हो गई है। क्रय केंद्रों पर पड़ी गेहूं की फसल भीग गई है। किसानों को भी नुकसान हुआ है।

बृहस्पतिवार देर शाम को अचानक मौसम बदला और धूल के गुबार के साथ तूफान से अंधेरा छा गया। लोग जहां के तहां ठहर गए। इसके बाद तेज बारिश हुई। तूफान से आगरा रोड, मिरहची, मारहरा, जलेसर, अवागढ़ में कई पेड़ टूट गए। बिजली के पाेल भी गिर गए। इन दिनों अधिकांश किसान गेहूं की कटाई और मड़ाई में जुटे हुए हैं। कई किसानों ने कटाई के बाद गेहूं को खेतों में ही ढेर बनाकर रखा था वहीं भूसा भी बड़े पैमाने पर खुले में रखा था। अचानक आए तूफान ने इन ढेरों को उड़ा दिया। किसान बताते हैं कि तेज हवाओं के चलते भूसा खेतों से उड़कर नालियों, सड़कों व आसपास के खाली पड़े खेतों में फैल गया। कई किसानों का कहना है कि भूसा उड़ जाने से पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो जाएगी। वर्षों के अनुभव में ऐसा नुकसान कम ही देखने को मिला है।
किसानों ने बताया कि फसल तैयार करने में दिन-रात मेहनत की जाती है लेकिन एक तेज तूफान ने सारी मेहनत बर्बाद कर दी। तूफान के साथ आई तेज हवाओं ने ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर बड़े पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर जा गिरीं। कुछ जगह बिजली के खंभे धराशायी हो गए जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। धूल भरे तूफान के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई और सड़क पर चल रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांवों से लेकर कस्बों तक लोग अचानक आए इस मौसम परिवर्तन से भयभीत नजर आए। शहर और कस्बाई क्षेत्रों में तूफान के कारण बाजारों में अचानक भगदड़ मच गई। तेज बारिश शुरू होते ही कई लोग दुकानों की शटर गिराकर घर की ओर भागे।

अचानक आए तेज तूफान बारिश से क्रय केंद्रों पर भीगा अनाज, कर्मचारियों ने की बचाने की कोशिश

तूफान का असर क्रय केंद्रों पर भी देखने को मिला। खुले में रखा गेहूं बारिश के चलते भीग गया। पल्लेदार और कर्मचारी अनाज ढकने का प्रयास करते रहे लेकिन तेज हवाओं ने उनकी मेहनत को नाकाम कर दिया। कई केंद्रों पर गेहूं भीग गया।

मौसम विभाग ने बताया कि हवा की रफ्तार 40–60 किमी प्रतिघंटा तक रिकॉर्ड की गई। विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों को सलाह दी कि वे खेतों में पड़ी फसल को यथाशीघ्र सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं।