Web News

www.upwebnews.com

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

May 1, 2026

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

एटा 30 अप्रैल उप्रससे। जनपद के जलेसर में भारतीय किसान यूनियन किसान ने तहसील परिसर में भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। यूनियन ने आरोप लगाया कि लेखपाल हरिओम ने पीड़ित भानु शाह से ‘फोन पे’ के माध्यम से 20,000 रुपये की रिश्वत ली। इसके अतिरिक्त, बाबू रविन्द्र कुमार के 3,500 रुपये के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। किसानों ने निजी स्कूलों में मनमानी फीस रोकने और एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की। उन्होंने बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की। बिजली विभाग से संबंधित मांगों में स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से बदलकर पुनः पोस्टपेड करने पर जोर दिया। साथ ही, ब्लॉकों में फर्जी फर्म बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की कड़ी जांच की मांग की गई। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर और उपखण्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की सभी मांगों को सुना और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद किसान संगठन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, प्रत्येन्द्र शाह, दीपक चौहान, हरिओम मिश्रा, विपिन कुमार, मोनू गौतम, सत्येन्द्र सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पवन ठाकुर ने कहा, “भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही भ्रष्ट लेखपाल और बाबू पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”