
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत नगला सुन्दर में एक वृद्ध की खेत पर सोते समय प्रहार कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह उनका शव चारपाई पर मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव बढ़ईपुरा निवासी बुजुर्ग सुघर सिंह (80) रोजाना की तरह रविवार रात भी गांव सुंदरपुर स्थित खेतों पर बने घर के बाहर चारपाई पर सोए हुए थे। तभी रात्रि में किन्हीं लोगों ने उनकी सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर शिकोहाबाद और आसपास के दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों के अनुसार, करीब 5 वर्ष पहले मृतक ने अपने बड़े बेटे के नाम दो बीघा जमीन कर दी थी, जिसके चलते विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है और बेटे पर शक जताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश कुमार ने बताया कि नगला सुन्दर में एक वृद्ध व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। प्रथम दृष्टया सिर में चोट लगने से मौत प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
