Web News

www.upwebnews.com

बहन ने करा दी सगे भाई की हत्या, बच्चे ने खोला राज

April 9, 2026

बहन ने करा दी सगे भाई की हत्या, बच्चे ने खोला राज

मैनपुरी
घटना किशनी थाना क्षेत्र की है फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के करथिया निवासी करन मिश्र (25) अपनी बहन पूजा दुबे को मैनपुरी के कस्बा  कुसमरा स्थित उसके घर छोड़ने आया था। करन जब देर रात तक अपने घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई। पूजा ने पहले परिजनों को बताया कि करन घर से निकल गया है और पहुंच जाएगा।
काफी देर तक करन के घर न पहुंचने पर उसकी बहन पूजा ने किशनी थाने में भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई। मां के थाने जाने के बाद बेटे रितिक दुबे (10) ने मौका पाकर आसपास के लोगों को बताया कि रात करीब 12 बजे नगला भूपति निवासी जितेंद्र ठाकुर उर्फ जीतू घर आया और उसके मामा करन मिश्रा की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। बच्चे ने यह भी बताया कि उसकी मां पूजा ने भी इस वारदात में आरोपी की मदद की। बच्चे के इस सनसनीखेज बयान के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसपी सिटी अरुण कुमार, कुसमरा चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार, स्वाट टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के परिजनों ने आरोपी जितेंद्र ठाकुर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने करन को गोली मारकर शव धर्मगदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। शाम को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने धर्मगदपुर के पास झाड़ियों से करन का शव बरामद कर लिया। शव के सिर में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक करन के तीन बच्चे हैं। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र और पूजा के बीच प्रेम संबंध थे। इसी प्रेम प्रसंग के चलते दोनों ने मिलकर करन की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पूजा दुबे और जितेंद्र ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।