Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026
*उच्च दामों पर बिक्री करने के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार*
गोरखपुर।जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से बाजार में ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।
मामले में पूर्ति निरीक्षक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना गीडा में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में बताया गया कि कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से एकत्र कर निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर बेचकर ब्लैक मार्केटिंग कर रहे थे। इससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और गैस वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान अवैध गैस कारोबार में संलिप्त तीन लोगों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार वर्मा पुत्र जमुना प्रसाद निवासी वार्ड नंबर 18 बुद्धनगर थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर, अली मोहम्मद पुत्र पीर मोहम्मद निवासी गोपालनगर थाना रेवती जिला बलिया तथा शुभम जायसवाल पुत्र संतोष जायसवाल निवासी पीपीगंज थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। इनमें अली मोहम्मद ट्रक चालक बताया जा रहा है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने जारी वीडियो बयान में बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग और अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गीडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
