मथुरा/वृंदावन। राजकीय बालिका संरक्षण गृह में करीब 14 वर्षीय बालिका की मौत से सनसनी फैल गई। मामले में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक संरक्षण गृह में रहने वाली दो 15 वर्षीय किशोरियों पर गहराया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृत बालिका अपने कमरे से जुड़े अटैच्ड बाथरूम में दो अन्य किशोरियों के साथ गई थी। सीसीटीवी फुटेज में तीनों के बाथरूम में जाने और कुछ देर बाद केवल दो किशोरियों के बाहर निकलने की पुष्टि हुई। पूछताछ में दोनों किशोरियों ने घटना के संबंध में जानकारी दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संरक्षण गृह का निरीक्षण किया तथा संबंधित बालिकाओं और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संस्था प्रमुख की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए भी पत्राचार किया गया है। पुलिस के अनुसार मौके से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों किशोरियों की भूमिका प्रथमदृष्टया सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के साथ मजिस्ट्रेटी जांच के आधार पर घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

