मुरादाबाद, 21 अगस्त 2026, जिले में बारिश का असर दिखाई दे रहा है। पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुरादाबाद में ठेला नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंचा हुआ है।
नदी का पानी ओवरफ्लो होकर भोजपुर थाना क्षेत्र के खादर इलाके में घुस गया है, स्थानीय लोगों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। आदमपुर, रुस्तमपुर, तिगरी, लालूवाला, इस्लामनगर, खईय्या खादर और सिहाली शाहपुर समेत एक दर्जन से अधिक गांव पानी से घिरे हुए हैं।
खेतों में बाढ़ का पानी भर जाने से किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं। बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। शाहपुर से इस्लामनगर होते हुए मुरादाबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर काफियाबाद के पास दमदमा की पुलिया पर पानी का स्तर बढ़ा हुआ है, रास्ता बंद होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
घरों और खेतों तक पानी पहुंचने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
