Web News

www.upwebnews.com

एटा में मैनपुरी जा रही पिकअप में डंपर ने मारी टक्कर सात घायल, सीएचसी अलीगंज में भर्ती

August 20, 2026

एटा में मैनपुरी जा रही पिकअप में डंपर ने मारी टक्कर सात घायल, सीएचसी अलीगंज में भर्ती

एटा 20 अगस्त उप्रससे। जनपद में अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में आज गुरुवार को दहेलिया पूठ के पास एक पिकअप और गिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पिकअप में सवार सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घायलों के परिजन धर्मवीर ने बताया कि यह परिवार मैनपुरी जा रहा था। मैनपुरी में उनकी रिश्तेदारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जिसके शोक में और मृतक के अंतिम दर्शन के लिए वे यात्रा कर रहे थे। दहेलिया पूठ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे गिट्टी से भरे डंपर से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अलीगंज स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों की जांच कर उपचार शुरू किया।
हादसे में घायल हुए लाल सिंह (28) पुत्र धनपाल सिंह निवासी नुनेरा, थाना कंपिल, फर्रुखाबाद; विश्राम (30) पुत्र दिलासाराम; अखिलेश (18) पुत्र परशुराम; नानकराम (35) पुत्र लालमन; सुहागवती (65) पत्नी रामचरन; मीना देवी (50) पत्नी गिरीश चंद्र; और सुनीता (35) पत्नी विनोद कुमार शामिल हैं।

कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मीडिया के माध्यम से मिली है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। थाना स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।