Web News

www.upwebnews.com

एटा में पीएसी के समीप दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत, दो गंभीर घायल, घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

August 20, 2026

एटा में पीएसी के समीप दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत, दो गंभीर घायल, घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती

एटा 20 अगस्त उप्रससे। जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र में मारहरा रोड पर पीएसी के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

मिरहची थाना क्षेत्र के कोयला गांव निवासी नीतू (लगभग 23 वर्ष) अपनी बाइक से कोयला की ओर जा रहे थे। मारहरा रोड पर पीएसी के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में नीतू गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
दूसरी बाइक पर मैनपुरी जिले के बिछवा थाना क्षेत्र के सहापुर गांव निवासी आमोद (लगभग 18 वर्ष) सवार थे। बताया गया कि आमोद मारहरा क्षेत्र के ओढ़नी गांव की ओर जा रहे थे। इस हादसे में आमोद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने दोनों घायलों को एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया। फिलहाल, दोनों घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। घटनास्थल पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जानकारी घायलों के होश में आने और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।