Web News

www.upwebnews.com

विपिन हत्याकांड का खुलासा: मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला सह-अभियुक्ता भी पकड़ी

August 8, 2026

विपिन हत्याकांड का खुलासा: मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला सह-अभियुक्ता भी पकड़ी

मथुरा/छाता। थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विपिन हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों विक्रम और अमन को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा व पांच खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बांका तथा मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई। पुलिस ने मामले में एक महिला सह-अभियुक्ता को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नीमगांव निवासी विपिन (20) चार अगस्त को मोटरसाइकिल से संस्कृति यूनिवर्सिटी, छाता जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर थाना छाता में गुमशुदगी दर्ज कर सर्विलांस टीम की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई। पांच अगस्त को थाना जैत क्षेत्र के धौरेरा गांव के जंगल स्थित एक खंडहरनुमा कोठरी में विपिन का शव मिला था। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सात अगस्त की रात गोवर्धन-छाता मार्ग पर रनवारी गांव से करीब एक किलोमीटर पहले घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर की स्विफ्ट कार से आ रहे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान विक्रम और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तेजपाल उर्फ नेहनू मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, खोखे, हत्या में प्रयुक्त बांका और मारुति स्विफ्ट कार बरामद की। मुठभेड़ के संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, घटना में महिला सह-अभियुक्ता की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमन के खिलाफ पूर्व में भी छाता, गोवर्धन और गोविंदनगर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने हत्या के मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।