Web News

www.upwebnews.com

दोषी सिपाही को फांसी देने की मांग, अधिवक्ताओं ने निकाला मशाल जुलूस, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

August 4, 2026

दोषी सिपाही को फांसी देने की मांग, अधिवक्ताओं ने निकाला मशाल जुलूस, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

Posted on 03/08/2026
Time 16:40 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी निलंबित सिपाही के खिलाफ सोमवार को अधिवक्ताओं का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर आरोपी को फांसी देने की मांग की और मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन मधूसूदन त्रिपाठी के नेतृत्व में निकला जुलूस दिवानी न्यायालय परिसर से शुरू होकर मंडलायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले में कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ताओं का कहना है कि 28 जुलाई की रात जिला अस्पताल से डायल-112 में तैनात सिपाही पर 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर निलंबित किया है तथा न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के बच्चों की निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि इस जघन्य घटना में दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।