Web News

www.upwebnews.com

CCTV और सर्विलांस के जाल में फंसे 5 शातिर चोर, गोरखनाथ पुलिस का बड़ा खुलासा

April 19, 2026

CCTV और सर्विलांस के जाल में फंसे 5 शातिर चोर, गोरखनाथ पुलिस का बड़ा खुलासा

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
19/04/2029

दिन में रेकी, रात में चोरी… 5 शातिर चोर गिरफ्तार, नगदी-चांदी बरामद

52 हजार कॉल डिटेल खंगालकर पुलिस ने खोला चोरी का राज, 5 आरोपी गिरफ्तार

गोरखनाथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोनार समेत 5 चोर गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

गोरखपुर । गोरखनाथ थाना क्षेत्र में 10 मार्च को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, चोरी की नगदी, चांदी के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किया है।
इस मामले का खुलासा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने थाने पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति के हैं, जो चोरी से पहले दिन में घरों की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए करीब 52 हजार कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें से 26 संदिग्ध नंबर चिन्हित किए गए। इनमें से 4 नंबरों को ट्रेस कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी अहम सुराग मिले।
गिरफ्तार आरोपियों में मुस्तकीम, सलमान अंसारी, मोहम्मद कैफ, नादिर बैग और विशाल कुमार अग्रहरी शामिल हैं। इनमें एक सोनार भी है, जो चोरी का सामान खरीदता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख नगदी, 191 ग्राम चांदी, चोरी के पैसों से खरीदी गई पल्सर बाइक, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को सब्जी मंडी गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक देशराज सरोज, अंगद, रिपुसूदन शुक्ला, विवेक सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र मौर्य, कृष्ण पाल, वीरेंद्र यादव, संदीप कुशवाह, शिवम शुक्ला और हेड कांस्टेबल मिथिलेश बहादुर सिंह शामिल रहे।

आईपीएल पर सट्टे का खुलासा, सिकंदरा में फ्लैट से चल रहा था ऑनलाइन जाल, लाखों का खेल बेनकाब

आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। लंबे समय से पुलिस की सख्ती के चलते शांत बैठे सटोरिए अब ठिकाना बदलकर फिर सक्रिय हो गए थे और बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। इस बार उन्होंने फ्लैट को अपना अड्डा बनाकर हार-जीत की बाजी का पूरा सिस्टम तैयार कर रखा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक फ्लैट में आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां से मुख्य आरोपी ऋतिक पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से पुलिस ने 1,19,500 रुपये नकद बरामद किए, जो सट्टेबाजी के लेन-देन से जुड़े बताए जा रहे हैं।

छापे के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और वित्तीय साक्ष्य भी मिले। 5 मोबाइल फोन और 2 लैपटॉप जब्त किए गए, जिनमें सट्टे के नेटवर्क और लेन-देन का पूरा डेटा मौजूद है। इसके अलावा 7 रजिस्टर, 12 एटीएम कार्ड और 19 पासबुक बरामद हुईं, जो इस पूरे नेटवर्क की गहराई और संगठित तरीके से चल रहे धंधे की ओर इशारा करती हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे, जिससे पैसों का ट्रांजैक्शन ट्रेस करना मुश्किल हो सके। इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनमें रिशु पाठक और केशव पाठक फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच तेज कर दी है। संभावना है कि इस गिरोह के तार आगरा के अलावा आसपास के जिलों तक जुड़े हो सकते हैं।

पुलिस ने सांसद रुचि वीरा को ठाकुरद्वारा जाने से रोका,हाउस अरेस्ट*

ठाकुरद्वारा में अंबेडकर प्रतिमा खंडित करने का मामला
Post on 19.4.26
Sunday Moradabad
Rajesh Bhatia
मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
ठाकुरद्वारा में अंबेडकर प्रतिमा खंडित करने में हुए बवाल को लेकर जहां तनातनी है। वहीं मुरादाबाद में मुद्दे को लेकर सियासी पारा चढ़ गया।
रविवार को सपा सांसद रुचि वीरा को ठाकुरद्वारा जाने से रोक दिया गया। ठाकुरद्वारा में सांसद के कार्यक्रम की भनक मिलीं तो पुलिस मुरादाबाद में उनके आवास के बाहर जुटने लगी। सादीकपड़ों में पुलिस कर्मी आवास के गेट, सिविल लाइंस रोड पर डट गए। सपा कार्यकर्ताओं को सूचना मिली तो आवास पर भीड़ जमा होने लगीं। सांसद बाहर निकलने की तैयारी कर रही थी कि पुलिस अधिकारी सांसद के आवास पर पहुंचने लगे। दोपहर में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ, इंस्पेक्टर आदि ने सांसद को रोक दिया। तर्क दिया कि ठाकुरद्वारा में स्थिति अभी शांतिपूर्ण है। एसपी सिटी ने सांसद को रोका। जाने से रोकने के लिए कहा। सांसद ने गेट तक पहुंची लेकिन फोर्स ने आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस ने सांसद हाउस अरेस्ट कर लिया।
इस दौरान तमाम कार्यकर्ता भी आवास पर डटे रहे।
हालांकि पुलिस का कहना है कि ठाकुरद्वारा में स्थिति अभी सामान्य है।‌ लेकिन किसी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।


जबकि सपा सांसद पुलिस के रोके जाने को लेकर नाराज नजर आईं। आरोप लगाया कि भाजपा संविधान की लगातार धज्जियां उड़ा रहीं हैं। कहा कि
चाहे चुनाव आयोग का मामला हो या महिला के अपमान का। बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ दिया गया। जब दलित समाज के लोग पहुंचे तो भाजपाइयों ने लाठियां बरसा दीं। पर हद यह कि उन्हें वहां जाने से रोका जा रहा है। वह क्षेत्र से जनप्रतिनिधि है। मुकदमा दर्ज हुआ या नहीं, पीड़ितों से मिलने, गिरफ्तारी आदि की जानकारी लेने जाना चाहतीं हैं। पर मुझे वहां जाने से रोकने के लिए पुलिस फोर्स लगा दी गई।

हाईवे पर दौड़ती कार बनीं आग का गोला,सवार हेड कांस्टेबिल व परिवार बचा*

*

रेलवे स्टेशन के सामने कीघटना, दमकल कर्मियों ने बुझाई आग
Post on 19.4.26
Sunday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
दौड़ती कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गोला बनीं कार में हेड कांस्टेबिल का परिवार था।लपटें उठीं तो हेड कांस्टेबिल ने सूझबूझ दिखाई और कार रोककर तत्काल उतर गए।
घटना से हड़कंप मच गया। यातायात पुलिस के अलावा दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच गई। मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।कार में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना गया।
दिन में रेलवे स्टेशन के सामने कार तेजी से गुज़री तो अचानक उसमें आग की लपटें उठनी लगीं।आग फैलते देख सवार दीन दयाल व परिवार संकट में घिर गया। हेड कांस्टेबिल ने सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए परिवार को लेकर कार से उतर गया। सड़क पर जलती कार से हड़कंप मच गया और यातायात भी थम गया। मौके पर यातायात पुलिस पहुंच गई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने बीस मिनट की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया।
कार हेड कांस्टेबिल दीन दयाल की तैनाती अमरोहा जिले में है। 24 वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रह रहे पत्नी व बच्चों को लेकर कार से घर के रवाना हुए थे। पर रेलवे स्टेशन के सामने गेट नंबर तीन के सामने कार जैसे ही पहुंची,तभी उसमें आग लग गई। गनीमत रहीं कि आग की लपट देख तेजी दिखाई और कार से उतर गए। आग लगने का कारण कार में शार्ट सर्किट माना गया।

वर्जन —
मुख्य अग्नि शमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ राजीव कुमार पांडे का कहना है कि आग से बचाव के सावधानियां बरतनी जरुरी है।

नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार बलवीर पुंज

Balveer Punj

लखनऊ 19 अप्रैल 2026, वरिष्ठ पत्रकार नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इण्डिया (एनयूजे) के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व राज्य सभा सदस्य, स्तंभ लेखक बलवीर पुंज का शनिवार की सायं निधन हो गया। स्व पुंज ने 1992 से 1995 तक एनयूजे में महासचिव की जिम्मेदारी निभाई। जयपुर में ऐतिहासिक द्विवार्षिक अधिवेशन उनके महासचिव रहते हुआ था।
श्री पुंज प्रखर पत्रकार थे। उन्होंने अंग्रेजी के मदरलैंड और फाइनेंशियल टाइम जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य किया। उनके निधन से पत्रकारिता की बड़ी क्षति हुई है। उपज परिवार स्व बलवीर पुंज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करे। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश अध्यक्ष  सर्वेश कुमार सिंह अध्यक्ष और महामंत्री आनंद कर्ण ने स्व पुंज के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

« Newer PostsOlder Posts »