Web News

www.upwebnews.com

यातायात तिराहे से डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटने पर सियासत गरम, नगर निगम ने दी सफाई

August 22, 2026

यातायात तिराहे से डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा हटने पर सियासत गरम, नगर निगम ने दी सफाई

Posted on 22/08/2026
Time 11:45 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

सौंदर्यीकरण कार्य के चलते प्रतिमा अस्थायी रूप से हटाई गई, नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखी गई

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । शहर के यातायात तिराहे पर स्थापित देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्य के चलते अस्थायी रूप से हटाए जाने के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी सामने आते ही शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि नगर निगम ने मामले में सफाई देते हुए कहा है कि प्रतिमा को स्थायी रूप से नहीं हटाया गया है, बल्कि सौंदर्यीकरण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

नगर निगम की ओर से यातायात तिराहे का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में वहां स्थापित डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को फिलहाल हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद प्रतिमा की स्थापना को लेकर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिमा हटाए जाने की जानकारी के बाद कुछ राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया है। चित्रगुप्त सभा के संयुक्त मंत्री विजय श्रीवास्तव ने मांग की है कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को उसी स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रतिमा को पुनः स्थापित नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।

वहीं नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट किया कि यातायात तिराहे पर सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान प्रतिमा को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने के लिए नगर निगम परिसर में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को न तो कहीं फेंका गया है और न ही क्षतिग्रस्त किया गया है।

नगर निगम का कहना है कि शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों को बेहतर और आकर्षक स्वरूप देने के लिए लगातार सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। यातायात तिराहा भी इसी योजना का हिस्सा है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान प्रतिमा को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर रखना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

अब लोगों और संगठनों की नजर इस बात पर टिकी है कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा को लेकर नगर निगम क्या निर्णय लेता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिमा शहर की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय भावना से जुड़ी है, इसलिए इसे सम्मानजनक तरीके से पुनः स्थापित किया जाना चाहिए।

गोरखपुर जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत

Posted on 22/08/2026
Time 12:00 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

दौरे पड़ने के बाद जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती, मजिस्ट्रेटीय प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की तैयारी

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध करीब 30 वर्षीय विचाराधीन बंदी समीर शेख की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन की ओर से इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट को सूचना भेजी गई है।

जेल प्रशासन के अनुसार, समीर शेख पुत्र तहसील, निवासी जसवल बाजार, थाना पीपीगंज, को 19 अगस्त 2026 को घरेलू हिंसा अधिनियम से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार में दाखिल किया गया था।

बताया गया कि बंदी पहले से लीवर और किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था। 21 अगस्त की शाम उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे दौरे पड़ने लगे। जेल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोरखपुर भेजा गया।

जिला अस्पताल के आकस्मिक विभाग में चिकित्सकों ने उसका परीक्षण कर उपचार के लिए भर्ती किया। जेल प्रशासन के पत्र के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे चिकित्सक ने बंदी को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी बंदी के परिजनों को भी दे दी गई है। जेल प्रशासन ने शव का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए सक्षम मजिस्ट्रेट को नामित करने का अनुरोध किया है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

चीनी की किल्लत की अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: डीएम

Posted on 22/08/2026
Time 12:30 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

डीएम दीपक मीणा ने कहा, जरूरत के मुताबिक खुले बाजार से खरीदें चीनी

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, थोक व्यापारियों को स्टॉक ऑनलाइन घोषित करने के निर्देश

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । जिले में चीनी की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने आमजन से ध्यान न देने की अपील की है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि गोरखपुर में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों को घबराने या अनावश्यक भंडारण करने की जरूरत नहीं है।

डीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही खुले बाजार से चीनी खरीदें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों के आधार पर अधिक मात्रा में खरीदारी और भंडारण करने से बचें। उन्होंने कहा कि चीनी की उपलब्धता और बाजार में आपूर्ति की स्थिति पर जिला प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन ने जनपद के सभी थोक चीनी व्यापारियों को भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के फूड स्टॉक पोर्टल पर अपने पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही व्यापारियों से कहा गया है कि वे स्टॉक संबंधी जानकारी को नियमित रूप से अपडेट करते रहें, ताकि बाजार में उपलब्ध चीनी की वास्तविक स्थिति की निगरानी की जा सके।

प्रशासन की ओर से थोक व्यापारियों के चीनी स्टॉक की आकस्मिक जांच भी कराई जाएगी। जांच के दौरान यदि कोई व्यापारी या व्यक्ति जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत स्टॉक रखने में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम दीपक मीणा ने कहा कि जिले में चीनी की कोई कमी नहीं है और आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि अधिकृत माध्यमों से जरूर करें।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाहों के जरिए कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी करने या कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

August 20, 2026

ऑनलाइन गेमिंग सट्टा खिलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

Posted on 20/08/2026
Time 15:20 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । शाहपुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल “रेडी अन्ना” के जरिए सट्टा खिलाने और अलग-अलग बैंकों के म्यूल/फर्जी खातों के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 23 मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को शाहपुर थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम संदिग्धों और वांछितों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेमरा नंबर-2 स्थित पानी की टंकी के पास एक मकान में कुछ लोग ऑनलाइन गेमिंग में सट्टा लगवाने और अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगाकर ठगी करने का काम कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारकर वहां मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी “रेडी अन्ना” पोर्टल के जरिए अलग-अलग नामों से संचालित बैंक खातों में सट्टे की रकम का डिपॉजिट और विड्रॉल कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक खातों से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “रेडी अन्ना” नामक ऑनलाइन गेमिंग पोर्टल का पैनल खरीदकर उसकी एक ब्रांच के रूप में कार्यालय संचालित करते थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए लोगों को बहला-फुसलाकर कई म्यूल/फर्जी बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इन्हीं खातों के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन किया जाता था और रकम प्राप्त होने के बाद उसे आपस में बांट लिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीश सिंह निवासी देवरिया, अभय कुमार सिंह निवासी देवरिया, वजीद चौधरी निवासी मुजफ्फरनगर, साहिल चौधरी निवासी मुजफ्फरनगर और मुन्ना कुमार निवासी सिवान, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में नितिश प्रताप सिंह, संजीव सिंह और एक अन्य अज्ञात आरोपी को वांछित बताया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक मिनी लैपटॉप, तीन टैबलेट, 11 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, बायोमेट्रिक डिवाइस, राउटर, पावर बैंक, मोबाइल चार्जर और डेटा केबल बरामद किए हैं। इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं।

मामले में थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 401/2026, धारा 112(2), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

August 19, 2026

15 हजार का इनामी बदमाश लादेन पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Posted on 19/08/2026
Time 12:15 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । खजनी थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को ₹15 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजनी थाने से वांछित जितेन्द्र पासवान बाघागाड़ा की तरफ से जरलही पुल होते हुए उनवल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जरलही पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा, जिस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए पीएचसी बांसगांव भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर खजनी थाने में मु0अ0सं0 266/2026, धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी खजनी थाने में दर्ज मु0अ0सं0 363/2025 धारा 308(5) बीएनएस में वांछित था।

पुलिस ने इसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर और एक दोपहिया वाहन बरामद किया है।

« Newer PostsOlder Posts »