Web News

www.upwebnews.com

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से उड़ी रात की नींद और दिन का चैन

June 23, 2026

भीषण गर्मी में बिजली कटौती से उड़ी रात की नींद और दिन का चैन

मैनपुरी। शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित होने लगी है। शनिवार की रात और रविवार को दिन में शहर के अलग-अलग फीडर क्षेत्रों में फॉल्ट हुए इससे कहीं पांच घंटे तो कहीं छह घंटे की कटौती हुई। 40 डिग्री तापमान में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया है।
         शनिवार की रात सिविल लाइन क्षेत्र में नगरिया चौराहा, सौतियाना, हिंदपुरम आदि क्षेत्रों में केबल में आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। यहां शनिवार की रात करीब तीन घंटे और रविवार को दिन में करीब तीन घंटे कुल छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसी प्रकार शहर के पावर हाउस उपकेंद्र क्षेत्र में शनिवार की रात वंशीगोहरा, छपट्टी आदि मोहल्लों का ट्रांसफार्मर खराब हो गया इससे करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ज्योंती रोड क्षेत्र में भी दो से तीन घंटे की कटौती रविवार को हुई। 40 डिग्री तापमान में दिन ही नहीं रात भी गर्म हो रही है। ऐसे में बिजली कटौती लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। लोगों के साथ ही बिजली विभाग के कर्मचारी भी परेशान हैं। रात भर कर्मचारी फाल्ट ठीक करने में जुटे रहे।
मुकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता मैनपुरी का कहना है कि ओवरलोड के कारण कुछ क्षेत्रों में केबल आदि जली हैं। इससे आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित हुई थी। जिसे कर्मचारियों को भेजकर रात में सही करा दिया दिया। कुछ जगह ट्रांसफॉर्मरों में खराबी आई थी वहां आपूर्ति सुचारू करने में समय लगा।