मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को जनपद मथुरा के दौरे के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद आयोजित कन्या जन्मोत्सव में नवजात बालिकाओं के जन्म पर माताओं को 20 बेबी किट वितरित की गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। उन्होंने कन्या जन्म को समाज के लिए गौरव बताते हुए बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद निरीक्षण भवन में महिला सुरक्षा, महिला कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान हुई जनसुनवाई में महिलाओं की कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित थीं। डॉ. चौहान ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकास खंड मथुरा में आयोजित “शक्ति संवाद” कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक पात्र महिला तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

