Web News

www.upwebnews.com

एटा में दवा लेने जा रही महिला की चलती मोपेड से गिरकर मौत

June 23, 2026

एटा में दवा लेने जा रही महिला की चलती मोपेड से गिरकर मौत

एटा 23 जून उप्रससे। जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को पति के साथ दवा लेने जा रही 42 वर्षीय महिला की चलती मोपेड से गिरकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, नरौरा गांव निवासी नाजरीन बेगम (42) अपने पति मेहंदी हसन के साथ विक्की मोपेड पर सवार होकर अवागढ़ दबा लेने जा रही थीं। नगला लोधा गांव के समीप उनकी मोपेड का संतुलन बिगड़ गया, जिससे नाजरीन बेगम नीचे गिर गईं। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतका के देवर सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनकी भाभी दवा लेने जा रही थीं, तभी अचानक मोपेड से गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।

एटा में डेढ़ बीघा जमीन विवाद में भतीजों ने 70 वर्षीय चाचा को पीटा, इलाज के दौरान मौत

एटा 22 जून उप्रससे। जनपद में जलेसर थाना क्षेत्र के गांव पुन्हैरा में डेढ़ बीघा जमीन के विवाद में भतीजों ने अपने 70 वर्षीय चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई थीं, जिसमें उनके हाथ-पैर टूटने की बात भी सामने आई है। परिवार के सदस्यों ने उन्हें जलेसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

परिवार के बुजुर्ग दुर्गपाल ने बताया कि मृतक उनके भाई थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। डेढ़ बीघा जमीन को लेकर उनका भतीजों से विवाद चल रहा था। सुबह हुई मारपीट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक ने अपने भतीजों से कुछ पैसे लिए थे और खेत में सबमर्सिबल भी लगवाया था। बाद में उन्होंने वही जमीन किसी और को बेच दी। इसी बात से नाराज बड़े भाई के बेटों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद बुजुर्ग को जलेसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

एटा में दो बाइकों की टक्कर के बाद अज्ञात वाहन ने शिक्षक को कुचला, ग्रामीणों ने रोड किया जाम

एटा 22 जून उप्रससे। जनपद की जलेसर कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-हाथरस मार्ग पर ग्राम किसरा के समीप सड़क हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवार को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

जलेसर थाना क्षेत्र के गांव मिसौली निवासी 30 वर्षीय हरेश पुत्र सत्यप्रकाश अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी जलेसर-हाथरस मार्ग पर ग्राम किसरा के पास दो तेज रफ्तार बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद हरेश सड़क पर जा गिरे, और तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हरेश जलेसर कस्बे के सिद्धार्थ इंटर कॉलेज में बतौर शिक्षक कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और दूसरी बाइक के सवार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए सीओ जलेसर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार दूसरी बाइक के चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुख्यालय भेजकर पोस्टमार्टम कराया। फरार अज्ञात वाहन और दूसरी बाइक के सवार की तलाश शुरू कर दी गई है।

परिजनों ने बताया की हरेश कॉलेज जा रहे थे तभी दो बाइक सवारों ने टक्कर मार दी ये गिर गए दूसरा वाहन रौंद गया हम लोगों की मांग है जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे तब तक जाम नहीं खोलेंगे हालांकि क्षेत्राधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया है।

मुख्यमंत्री ने किया फिरोजाबाद में 658 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, कहा सपा के एजेंडे में विकास नहीं

Posted on 22.06.2026 Monday, Firozabad News, CM Yogi Adityanath
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को टूण्डला तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत उसायनी में आयोजित एक भव्य समारोह में जनपद को 658 करोड़ से अधिक की लागत वाली कुल 81 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया।साथ ही इस अवसर पर उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके घर की चाबियां सौंपी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चैक और उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुण्डा और उपद्रवियों से मुक्त हो चुका है, प्रदेश में 15 करोड़ गरीबों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख का निःशुल्क स्वास्थ्य कवच मिला है, 65 लाख गरीबों को आवास और 2 करोड़ परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिए गए है, जबकि 15 से 16 लाख किसानोें के निजी नलकूपों के बिजली बिल पूरी तरह माफ किए गए है।


उन्होंने फिरोजाबाद के कांच ग्लास उद्योग के वैश्विक सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों और उद्यमियों ने नई तकनीकी और मार्केट की मांग के अनुरूप डिजाइन तैयार कर चीन जैसे देश को भी पीछे कर दिया है, उनके अथक परिश्रम का परिणाम है कि यहां के उत्पाद ‘‘लोकल से ग्लोबल‘‘ तक की यात्रा तय कर रहें है। अब होली, दिपावली, विजयादशमी या किसी भी उत्सवों में चीनी उत्पादों के स्थान पर फिरोजाबाद में निर्मित भगवान गणेश, रामदरबार, राधा कृष्ण, बुद्ध और भगवान शिव की सुन्दर कांच की प्रतिमाऐं आज वैश्विक पहचान बना रहीं है और सभी के आकर्षण का केन्द्र बिन्दु बन रही है।


मुख्यमंत्री ने जनपद में लोक माता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन धर्म के पुनरोद्धार में माता अहिल्याबाई होल्कर का योगदान अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि कानून का राज्य स्थापित होने पर आज उत्तर प्रदेश देश में अपनी विकासपरक छवि बना रहा है, ‘‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना‘‘, विकास कार्याें और भव्य अयोध्या, कांशी व मथुरा वृन्दावन के सांस्कृतिक पुनरूत्थान के कारण उत्तर प्रदेश दुनिया भर के आकर्षण का केन्द्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छापोें से व्यापारी परेशान थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने छापों को बन्द कराकर गैस की आपूर्ति सुनश्चित की और अब सोलर पैनल व बिजली से भटिट्यों के संचालन की नई तकनीकी देकर उद्योग को आगे बढाया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के एजेंडे में विकास नहीं है। 2017 से पहले सपा सरकार में एक जिला एक माफिया होता था जिसका काम सरकारी और गरीब की जगहों पर कब्जा करना होता था लेकिन 2017 के बाद बन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से प्रदेश की पहचान बनी है। प्रदेश से अराजकता खत्म हुई है। कानून का राज है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के  नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश को बीमारू राज्य से निकलकर विकसित राज्य बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा जनपद पर्यटन हब के रूप में विकसित हो रहा है।
इस अवसर सदर विधायक मनीष असीजा व टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर ने भी विचार रखे।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकार के स्टालों का अवलोकन किया।
इस मौके पर मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, पूर्व विधायक हरिओम यादव, ओमप्रकाश वर्मा, शिव सिंह चक, राकेश बाबू, अतुल प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहें।

पत्रकार पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ उपज, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

News Posted on 23.06.2026 Tuesday, Meerut, Uttar Pradesh Association of Journalists UPAJ

पत्रकार सुरक्षा को लेकर एकजुट हुए पत्रकार, दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष का ऐलान

मेरठ, 23 जून 2026 । पत्रकार कुलदीप भारद्वाज के कथित अपहरण, जानलेवा हमले, लूट एवं धमकी के मामले में मंगलवार को पत्रकार समाज एकजुट दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के नेतृत्व में सैकड़ों पत्रकारों ने थाना हस्तिनापुर पहुंचकर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अवैध खनन से जुड़े तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। ज्ञापन थाना प्रभारी लाला राम शर्मा एवं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी को सौंपा गया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि हस्तिनापुर निवासी पत्रकार कुलदीप भारद्वाज जनहित के मुद्दों, विशेषकर अवैध खनन से संबंधित मामलों को लगातार उजागर करते रहे हैं, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 8 जून 2026 की रात कुलदीप भारद्वाज के साथ सुनियोजित आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने उनका अपहरण कर बंधक बनाया, मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा नकदी भी लूट ली। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा भ्रामक शिकायतें और दुष्प्रचार कर पीड़ित पत्रकार की सामाजिक एवं पेशेवर छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पत्रकार और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि यदि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों पर हमले होते रहे और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर बड़े आंदोलन का भी निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान थाना प्रभारी लाला राम शर्मा ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। वहीं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री दीपक वर्मा, राजन सोनकर, ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के रजनीश विश्वकर्मा, प्रवेश, अजय ठाकुर, उपज सरकार संगठन से मदनपाल गौतम, खालिद इकबाल, अनीश खान, फरमान खान, नीरज तोमर, राजदीप त्यागी, सलीम सैफी, आरिफ कुरैशी, रविश, सचिन कश्यप, रितेंद्र, संचित अरोड़ा, इसरार अंसारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »