Web News

www.upwebnews.com

मृतक आश्रितों को परिवहन निगम देगा 13.55 लाख का मुआवजा

May 20, 2026

मृतक आश्रितों को परिवहन निगम देगा 13.55 लाख का मुआवजा

 

मैनपुरी(20 मई उप्रससे)। थाना भोगांव क्षेत्र में 29 जनवरी 2018 को रोडवेज बस की टक्कर से कार सवार युवक की हुई मौत के बाद परिवहन निगम मृतक के आश्रितों को 13 लाख 55 हजार 200 रुपये का मुआवजा देगा। इस धनराशि पर याचिका दायर करने की तिथि से 7.5 प्रतिशत ब्याज भी दिया जाएगा। यह आदेश मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी इंतेखाब आलम ने दिया है।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव हमीरपुर के रहने वाले प्रमोद कुमार 31 वर्ष मजदूरी करते थे। 29 जनवरी 2018 को सुबह आठ बजे वह कार से दिल्ली से गांव जा रहे थे। थाना भोगांव क्षेत्र में जीटी रोड पर गिंगौरा के पास बेवर डिपो की रोडवेज बस की टक्कर से वह घायल हो गए। सैफई अस्पताल में उपचार के दौरान प्रमोद की 30 जनवरी 2018 को मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी रेनू, पुत्र शिवा, पुत्री शालिनी, सलोनी ने मुआवजा पाने के लिए परिवहन निगम के आरएम इटावा तथा बस के चालक अकील खां के खिलाफ याचिका दायर की।
याचिका की सुनवाई मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी इंतेखाब आलम के न्यायालय में हई। मृतक आश्रितों द्वारा अधिकरण में पेश किए गए तथ्यों तथा प्रमाणों के आधार पर परिवहन निगम को मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार माना गया। पीठासीन अधिकारी ने आदेश दिया कि परिवहन निगम मृतक के आश्रितों को 13 लाख 55 हजार 200 रुपये का मुआवजा देगा। इस धनराशि पर याचिका दायर करने की तिथि से 7.5 प्रतिशत ब्याज भी मृतक आश्रितों को दिया जाएगा।
पीठासीन अधिकारी ने आदेश में लिखा कि मृतक आश्रितों को मुआवजा तय किए गए अंश के आधार पर ही दिया जाएगा। मृतक की मां गुड्डीदेवी, पुत्र शिवा, पुत्री शालिनी, सलोनी को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। मृतक की पत्नी रेनू को पांच लाख 55 हजार 200 रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सभी को याचिका दायर करने की तिथि से ही 7.5 प्रतिशत ब्याज भी दिया जाएगा। मुकदमे में पैरवी संदीप तिवारी और डॉक्टर एसी तिवारी ने की

May 18, 2026

पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन 

मैनपुरी(18 मई उप्रससे)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में  पेट्रोल-डीजल, सीएनजी व घरेलू गैस की बढ़ते दामो को लेकर मंहगाई के विरोध में प्रदर्शन जिला कलेक्ट्रेट पर धरना देकर किया गया तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार को सौपा गया।
जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि भाजपा सरकार की कुनीतियों के कारण देश की जनता को महगाई के रूप में भुगतान करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी  देश की जनता को ज्ञान दे रहे है कि पेट्रोल डीजल जरूरत हो तभी इस्तेमाल करो, काम घर से करो, गैस चूल्हा का उपयोग कम करो, विदेशी यात्रा न करो, सोना मत खरीदो और मोदी देश की भोली भाली जनता को मूर्ख बनाकर खुद विदेश यात्रा पर निकल गए। आपको विदित है कि वर्तमान में भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी के दामों में वृद्धि की गई है। इससे पूर्व व्यवसायिक गैस के सिलेन्डरों एवं 5 किलों के सिलेन्डर के दामों में भी बेतहाशा वृद्धि की गई थी। पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में की जा रही लगातार वृद्धि से घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित आम जनमानस के उपयोग में आने वाली रोजमर्रा की प्रत्येक वस्तु की कीमतें में वृद्धि होना स्वभाविक हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा ही आम जनमानस के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है। कांग्रेस पार्टी पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि एवं महंगाई का विरोध करती है व मांग करती है की महगाई को देखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते हुए दामो पर तत्काल प्रभाव में अंकुश लगाया जाए। जिला उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी चंद्र प्रकाश दुबे ने कहा कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब रुपया 58 पर था तो अपने भाषण में बोलते थे कि जिस देश का रुपया गिरता है उस देश की छवि गिरती है। आज मोदी जी ने इसी रुपये को 100 के करीब लाकर विश्व मे भारत देश को सम्मान की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। इस मौके पर अरविंद यादव, अतुल दुबे, श्रीकृष्ण तिवारी,अनुपम शाक्य,डा नवीन शर्मा, हरेन्द्र राउत, राहुल कठेरिया, हिमांशु सेन, बरनाम सिंह, मोनू यादव, दीपचंद्र भारतीय, डॉ. रामप्रमोद शाक्य, नकुल शाक्य, ब्रजेश सिंह यादव, जितेंद्र राठौर, प्रशांत कुमार, शेखर यादव, रतन शाक्य, शेखर कुमार, वैभब पाल, इंद्रेश कुमार, गौरव बादशाह, रफीक अहमद, सुशील शर्मा, विकास यादव,जयशेक कुमार,धर्मेंद्र सिंह, लालू यादव, आदेश सिंह, सुखवीर सिंह, विवेक यादव, राहुल कुमार, सरमन सिंह, राणजीत सिंह, प्रमोद कुमार, शम्भू सिंह आदि जिले के कांग्रेसी उपस्थित रहे।

बालिका से दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी को आजीवन कारावास

मैनपुरी, 18 मई (उप्रससे)। थाना करहल क्षेत्र के एक गांव में तीन साल पहले एक बालिका से दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोपी दोषी पाया गया है। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह ने उसको आजीवन कारावास की सजा सुनाकर 50000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोषी को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
करहल क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक तीन साल की बालिका नौ दिसंबर 2023 को घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का रहने वाला आकाश उर्फ शिवम वहां आया। बालिका को पास में ही एक खाली जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बालिका के चीखने पर वहां पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आकाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच करके आकाश के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में भेज दी।
मुकदमे की सुनवाई स्पेशल जज स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह के न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष ने गवाहों की गवाही न्यायालय में कराई। गवाही के आधार पर आकाश को बालिका के साथ दुष्कर्म के पयास का दोषी पाया गया। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह ने उसको आजीवन कारावास की सजा सुनाकर 50000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सजा सुनाने के बाद उसको हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
स्पेशल जज ने आदेश में लिखा है कि दोषी पर लगाए गए जुर्माने की धनराशि वसूल होने पर पूरी धनराशि पीड़िता को दी जाएगी। यह धनराशि लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 की उपधारा 2 के तहत दी जाएगी। इस मुकदमे में अभियोजन की पैरवी विशेष लोक अभियोजक शैलेंदी राजपूत ने की है

May 17, 2026

यातायात पुलिस का सख्त चेकिंग अभियान, 85 वाहनों के चालान

मैनपुरी, 17 मई उप्रससे। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सुश्री दीपशिखा सिंह तथा यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई। चेकिंग अभियान में कुल 85 वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को सीज किया गया। इसके साथ ही 10 हजार रुपये का नकद समन शुल्क व लगभग 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। निरोधात्मक कार्यवाई में 6 गाड़ी सीज ड्रिंक एंड ड्राइवकी गई।

May 16, 2026

डीएम और एसपी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी जन शिकायतें

Mainpuri samachar UP Web News
Posted on 16.05.2026 Time 07.07 PM
मैनपुरी( उप्रससे 16 मई 2026)। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील करहल में जन-शिकायतें सुनने के दौरान उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायत का स्वयं संज्ञान लेकर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करायें, जनपद में शिकायतों के निस्तारण की प्रगति संतोषजनक है लेकिन शिकायतों के निस्तारण को गुणवत्ता के साथ शिकायतकर्ता से संवाद, मौके पर जाकर स्थिति का जायजा न लेने के कारण शासन स्तर से बड़ी संख्या में शिकायती प्रार्थना पत्रों पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, कई विभागों का असंतुष्ट फीडबैक शत-प्रतिशत तक है, राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की भी गुणवत्ता उच्च क्वालिटी की नहीं है, कई तहसीलों में 50 प्रतिशत से अधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हुए हैं, जिससे प्रतीत होता है कि वरिष्ठ अधिकारी अधीनस्थों की रिपोर्ट पर ही निर्भर हैं, उनके द्वारा न तो स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है और नाहीं शिकायतकर्ता से वार्ता की जा रही है, अधीनस्थों द्वारा उपलब्ध करायी गई रिपोर्ट को ही अपलोड किया जा रहा है, जिस कारण असंतुष्ट फीडबैक मिल रहे है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि अधिकारी कार्यशैली सुधारे, प्रत्येक शिकायत पर शिकायतकर्ता से वार्ता करें, मांग संबंधी शिकायतों को छोड़ सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी आई.जी.आर.एस. पोर्टल को स्वयं देंखें, सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी गुणवत्ताहीन आख्या पोर्टल पर अपलोड न हो।
     श्री त्रिपाठी ने कहा कि भूमि सम्बन्धी विवादों में त्वरित कार्यवाही की जाये, भूमि विवाद यथा संभव मौके पर जाकर निबटाएं जाऐं, किसी भी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहे, जबरन कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही की जाये, जन-समस्याएं सुनने के दौरान जब मोहल्ला बाजार आंशिक नि. नीलम, मोहल्ला काजी नि. पूनम शर्मा ने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि पात्र होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, शिकायकर्ताओं ने बताया कि कई बार आवेदन के बावजूद मौके पर नगर पंचायत कर्मियों द्वारा जॉच न कर अपात्र घोषित किया गया है, जबकि वह कच्ची दीवारों पर छप्पर डालकर जीवन-यापन कर रहे हैं, जिस पर उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वयं मौके पर जाकर जॉच करें, पात्र होने की दशा में आवास योजना में लाभान्वित किया जाये साथ ही गलत आख्या लगाने वालों की जिम्मेदारी तय की जाये। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
« Newer PostsOlder Posts »