मथुरा। थाना जैत पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 60 बोतल विदेशी शराब और एक सफेद रंग की डिजायर कार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:55 बजे थाना जैत पुलिस टीम ने कोटा-छरौरा फ्लाईओवर से लगभग 50 मीटर पहले, एनएच-19 पर दिल्ली से आगरा की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी 32 वर्षीय विकास को गिरफ्तार किया। आरोपी सफेद रंग की डिजायर कार (पंजीकरण संख्या MP-07-AE-4568) में अवैध रूप से विदेशी शराब ले जा रहा था।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निशांत पायल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार एवं रिक्रूट कांस्टेबल अतुल यादव की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
