गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर 500 सोलर लाइटों का लोकार्पण
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया तथा विश्व प्रसिद्ध गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थापित 500 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा भी मौजूद रहे।
मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की इन दोनों परियोजनाओं को सीएसआर फंड के अंतर्गत HDFC Bank के सहयोग से पूर्ण कराया गया है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड प्रवीण गुप्ता व आशीष श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद हेमा मालिनी ने रिमोट दबाकर सोलर स्ट्रीट लाइटों एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर लगाई गई सभी 500 सोलर स्ट्रीट लाइटें फिलिप्स कंपनी की हैं तथा आगामी पांच वर्षों तक इनके अनुरक्षण एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एचडीएफसी बैंक द्वारा निभाई जाएगी। इन सोलर लाइटों के लगने से सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग जगमगा उठा है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और दर्शनार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
‘मेरो मथुरा’ ऐप नगर निगम मथुरा-वृन्दावन एवं एचडीएफसी बैंक द्वारा विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति म्यूटेशन, संपत्ति टैक्स, पेट रजिस्ट्रेशन, होटल, रेस्टोरेंट एवं मंदिरों की लोकेशन, शिकायत निवारण, हेल्पलाइन, न्यूज़, जीवन पोर्टल तथा आपातकालीन सेवाओं जैसी अनेक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप बनने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, जिससे ब्रज क्षेत्र के साहित्य, मंदिरों एवं ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी भी लोगों तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप शुरू करने के लिए बैंक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह कटिबद्ध है तथा भविष्य में वृंदावन परिक्रमा मार्ग एवं अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।

