मैनपुरी में स्मार्ट मीटर के विरोध में जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। शहर के तांगा स्टैंड पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े संगठन के पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बंसी गौर इलाके से स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली। इसके बाद तांगा स्टैंड पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम जनता, विशेषकर गरीबवर्ग के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। लोगों का कहना है कि इन मीटरों में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार, कई बार लाइन कटने के बाद भी बिल आ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं,
नेगेटिव बैलेंस होने पर तुरंत बिजली काट दी जाती है, लेकिन रिचार्ज के बाद भी घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। प्रदर्शन के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का पुतला भी फूंका गया।प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी हो रही है।
